

Highlights
नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अभिजीत वंजारी के समर्थन में कांग्रेस ने प्रचार तेज करने की तैयारी की।
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी सिरीवेल्ला प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
नागपुर, वर्धा, चंद्रपुर, गडचिरोली, भंडारा और गोंदिया के नेताओं व पदाधिकारियों को जुटाने की योजना है।
Abhijit Vanjari Congress: नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस और महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के आधिकारिक उम्मीदवार अभिजीत वंजारी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने पूर्वी विदर्भ में पूरी ताकत झोंक दी है।
सांगठनिक एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन करने के उद्देश्य से गुरुवार, 15 अक्टूबर को सुबह 11 बजे दत्तात्रयनगर स्थित महाकालकर सभागार में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन में महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी सिरीवेल्ला प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल विशेष रूप से उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
नागपुर, वर्धा, चंद्रपुर, गडचिरोली, भंडारा और गोंदिया जिलों के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पूर्व जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एक ही मंच पर नजर आएंगे।
पार्टी में गुटबाजी के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस ने 6 जिलों में सांगठनिक समन्वय स्थापित कर प्रचार तेज कर दिया है।
चुनाव में रोजगार, शिक्षा, प्रतिस्पर्धा परीक्षाएं, युवाओं के अवसर और शिक्षकों/स्नातकों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। पिछले 6 वर्षों में अभिजीत वंजारी द्वारा किए गए कार्यों और उनके आगामी 'विजन' को मतदाताओं तक पहुंचाया जा रहा है।
प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए कड़े कदम उठाने, सरकारी भर्तियों को महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) के माध्यम से कराने तथा एक स्वतंत्र परीक्षा आयोग के गठन का प्रयास करने एवं परिणाम और नियुक्तिया समय पर सुनिश्चित करने का वादा है।
शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं कर्मचारी कल्याण पुरानी पेंशन योजना लागू करना, बिना अनुदान वाले स्कूलों को चरणबद्ध अनुदान, कैशलेस मेडिकल सुविधा और शिक्षकों को गैर- शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करना।
टीईटी परीक्षा को रद्द करने तथा शिक्षकों के लिए कालबद्ध पदोन्नति योजना लागू करने का प्रयास। पिछड़े वर्गों, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के लिए राज्य के 36 जिलों में 2- 2 सुसज्जित सरकारी छात्रावास का निर्माण। महाज्योति, 'सारथी', 'बार्टी', 'टार्टी' और मार्टी जैसी सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा ओबीसी की जातिगत जनगणना और क्रीमीलेयर सीमा बढ़ाने की मांग शामिल है।