तपते नागपुर को बादलों ने दी बड़ी राहत: शाम को गरज-चमक के साथ झमाझम बरसे बदरा, सराबोर हुई ऑरेंज सिटी
Nagpur Weather Change: नागपुर में उमस भरी गर्मी के बाद झमाझम बारिश से लोगों को राहत मिली। करीब 45 मिनट तक हुई बारिश से शहर सराबोर हो गया और मौसम सुहावना हो गया।
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर बारिश की फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Nagpur Monsoon Heavy Rainfall: नागपुर में बीते कुछ दिनों से उबालती उमस भरी गर्मी से त्रस्त शहरवासियों को अंततः बादलों ने सोमवार को राहत पहुंचाई, करीब पौन घंटे झमाझम बारिश हुई जिससे पूरी सिटी सराबोर हो गई। मौसम में ठंडकता आने से शहरवासियों को राहत मिली। सुबह तो तेज धूप से ही दिन की शुरुआत हुई लेकिन 12 बजे के बाद से बदली छाने लगी। दोपहर 2 बजे के करीब कामठी से लेकर उत्तर नागपुर व पश्चिम नागपुर के कुछ इलाकों में बारिश हुई।
कुछ इलाकों में बौछारें ही पड़ीं। उसके बाद से ही हवा चलनी शुरू हुई। शाम करीब 5 बजे से आसमान में काले बादल छा गये, करीब सवा 6 बजे फिर तेज बारिश शुरू हो गई। बादलों की गर्जना के साथ ही बीच-बीच में बिजली भी कड़कती रही। करीब आधा घंटे झमाझम बारिश हुई और उसके बाद 7:10 बजे तक हल्की बारिश होती रही।
रात में भी बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने रात 8:30 बजे तक सिटी में 24.0 मिमी बारिश दर्ज की। वहीं शाम 5:30 बजे तक 2 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। कुछ देर आराम करने के बाद बादलों ने रात 10:40 बजे फिर बरसना शुरू किया। सिटी का अधिकतम तापमान 40.6 डिसे दर्ज किया गया जो औसत से 5.5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.6 डिसे दर्ज किया गया जो औसत से 1.3 डिग्री अधिक रहा।
सम्बंधित ख़बरें
मुंढे इफेक्ट का देशव्यापी असर! महाराष्ट्र के तुकाराम की सख्ती देख अन्य राज्यों में भी मिलावटखोरों पर शिकंजा
CJP की राजनीति में एंट्री? आदित्य ठाकरे से मिले सौरव दास और रत्ना सिंह, महाराष्ट्र में पक रही है नई खिचड़ी?
महज ₹1000 में अपने घर की रजिस्ट्री! पड़ेगांव में 672 परिवारों को PMAY के अंतर्गत जल्द मिलेगा आशियाना
लोकप्रिय कार्यशैली का सम्मान, भिवंडी के तहसीलदार अभिजीत खोले बने आदर्श तहसीलदार
सड़कें जलमग्न, कुछ स्थानों पर पेड़ गिरे
तेज हवाओं के साथ मानसून पूर्व बारिश ने जोरदार दस्तक दी। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। कुछ इलाकों में पेड़ धराशायी हो गए। न्यू नंदनवन, पांडव कॉलेज के पास, मंगलमूर्ति चौक तथा पडोले हॉस्पिटल चौक के समीप फ्रेंड्स प्लॉट नंबर-2 क्षेत्र में बड़े पेड़ गिर गए। सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मनपा के अग्निशमन विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पेड़ों को हटाया और यातायात सुचारु किया। श्री खाटू श्याम मंदिर के पास भी एक बड़ा पेड़ा धराशायी हो गया, बिजली के तार में पेड़ गिरने से इलाके की बिजली भी बंद हो गई। महावितरण की टीम ने सुचार कार्य शुरू कर दिया था।
बारिश में भीगने का उठाया आनंद, कुछ इलाकों में बिजली बंद
अनेक नागरिकों ने पहली बारिश में भीगने का भरपूर आनंद उठाया। खासकर विद्यार्थियों ने जमकर लुत्फ उठाया। एहतियात के तौर पर कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई जिसके चलते कई ट्यूशन क्लासेस बंद हो गई, जब विद्यार्थी बाहर निकले तब तेज बारिश हो रही थी।
यह भी पढ़ें:- डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी: ‘दो निशान, दो प्रधान’ के खिलाफ उठी आवाज, जिसने बदल दी देश की राजनीति
बच्चों ने बिना किसी परवाह के पहली बारिश का जमकर आनंद लिया, वे बारिश में भीगे, शोर मचाया और खुशियां मनाई। जिन इलाकों में पेड बिजली के तारों पर गिरे उन परिसरों में सुधार कार्य तक बिजली बंद रही। तुकडोजी पुतला परिसर, आदिवासी कॉलोनी, म्हाडा क्वार्टर, विश्वकर्मानगर परिसर में काफी देर तक बिजली बंद रहने की खबर मिली।
