महीनों चला मेंटेनेंस, फिर भी आंधी-बारिश आते ही बत्ती गुल! नागपुर के बेसा-घोघली में रातभर तड़पे लोग

Nagpur Power Cut: नागपुर में रखरखाव और तकनीकी कारणों से लगातार बिजली कटौती से नागरिक परेशान हैं। मेंटेनेंस के बावजूद अचानक बिजली गुल होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
Maintenance work dragged on for months, yet the power went out the moment the storm and rain hit; residents of Besa-Ghoghli, Nagpur, suffered through the night.
बिजली कटौती, नागपुर,प्रतीकात्मक तस्वीर(सौजन्य AI)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Power Cut Maintenance Electricity: नागपुर शहर व ग्रामीण भागों में लगभग हर रोज किसी न किसी इलाके की अनेक बस्तियों में मेंटेनेंस के कार्य के लिए 3 से 4 घंटे की बिजली बंद की जा रही है। यह सिलसिला गर्मी का सीजन शुरू होने के पहले से शुरू कर दिया गया था। महीनों बीत गए लेकिन अभी भी रोज ही रखरखाव व कार्यों के नाम पर बिजली बंद की जा रही है। इसके बावजूद अचानक बिजली गुल होने की घटनाओं पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

आंधी-बारिश शुरू होते ही कुछ इलाकों में बिजली एहतियात के तौर पर बंद की जाती तो कहीं किसी तरह की खराबी आने से बिजली बाधित हो रही है। शहरवासी परेशान हो गए हैं। शनिवार की रात घोघली, बेसा इलाकों में तो रात को 4 घंटे के करीब बिजली बंद रही, नागरिकों ने बताया कि रात करीब 8 बजे बिजली बंद हुई तो 11:40 बजे के करीब आई। कोई बिजली गुल होने का कारण बताने वाला तक नहीं था।

बेसा में देर रात से सुबह तक दिक्कत

बेसा के नागरिकों ने बताया कि शनिवार की रात करीब 2 बजे बिजली गुल हुई थी। लोगों की नींद में ही खलल पड़ गया। बारिश नहीं होने के कारण उमस वैसे ही हलाकान कर रही है। उस पर बिजली गुल होने से दिक्कत बढ़ रही है। नागरिकों ने बताया कि संडे की सुबह इस इलाके में 2-3 बार करीब 20-20 मिनट के लिए बत्ती गुल हुई थी। कुछ दिनों से बिजली की आंखमिचौली का सिलसिला जारी है। उत्तर नागपुर की कुछ बस्तियों से भी इसी तरह की शिकायतें मिली। नागरिकों का सवाल यह है कि लगातार चल रहे मेंटेनेंस कार्य के बावजूद खराबियां क्यों आ रही हैं।

ताजबाग क्षेत्र में आज व कल रहेगी बिजली बंद

ताजुद्दीन बाबा के 104वें वार्षिक उर्स की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उर्स के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आयोजन स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए महावितरण द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी के तहत 11 केवी ताजबाग फीडर पर आवश्यक रखरखाव और मरम्मत का कार्य किया जा रहा है जिसके चलते 29 और 30 जून को सुबह 6 से 11 बजे तक उमरेड रोड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।

इस दौरान 11 केवी ताजबाग फीडर पर एबी स्विच की मरम्मत, लाइन जंपर की मरम्मत तथा सुरक्षा की दृष्टि से पेड़ों की शाखाओं की छंटाई जैसे कार्य किए जाएंगे। पीली स्कूल, सिंधीबन, निराला सोसाइटी, ठाकुर प्लॉट, ताजबाग, आजाद कॉलोनी, शाहजहां चौक, तौहीदनगर, न्यू बीड़ीपेठ तथा आशीर्वादनगर क्षेत्रों में सुबह 6 से 11 बजे तक बिजली बंद रखी जाएगी। नागरिकों से सहयोग की अपील महावितरण ने की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com