सीमेंट कंपनी के नाम पर ठगी, साइबर ठगों ने बनाई फर्जी वेबसाइट
- Written By: नवभारत डेस्क
Representative Photo
नागपुर. सीमेंट कंपनी के नाम पर फर्जी वेबसाइट तैयार कर ठगों ने एक व्यक्ति को 2 लाख रुपये की चपत लगा दी. वाठोड़ा पुलिस ने सतनामी लेआउट, पारडी निवासी नितिन प्रकाश डायानी (37) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है.
नितिन क्लिनिकल रिसर्च का काम करते हैं. वाठोड़ा थानांतर्गत शैलेषनगर के शारदा लेआउट में उनके नये मकान का निर्माण कार्य चल रहा है. इसके लिए उन्हें सीमेंट की जरूरत थी. उन्हें डालमिया कंपनी का सीमेंट खरीदना था. 10 फरवरी को उन्होंने गूगल पर डालमिया कंपनी का कॉन्टैक्ट नंबर सर्च किया.
कंपनी के नाम पर एक वेबसाइट खुली जिसमें फोन नंबर भी दिए गए थे. नितिन ने नंबर पर कॉल किया तो दीपक अग्रवाल नामक व्यक्ति ने फोन रिसीव किया. उसने खुद को डालमिया सीमेंट कंपनी का असिस्टेंट सेल्स मैनेजर बताया. नितिन ने सीमेंट की जानकारी ली और 700 बैग का ऑर्डर दिया.
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में 10 जुलाई से अतिक्रमण नियमितीकरण शिविर, सरकारी-नजूल जमीन पर बने मकानों के लिए आवेदन शुरू
नागपुर में फायर सेफ्टी नियमों की भारी अनदेखी, RTI में खुलासा, 2026 में भी कई व्यावसायिक भवनों में उल्लंघन
नागपुर में अवैध यात्री परिवहन पर एसटी का बड़ा एक्शन, 34 वाहनों पर कार्रवाई, 27,300 रुपये जुर्माना
नागपुर में फर्जी दस्तावेजों से प्लॉट बेचकर 32 लाख की ठगी, हुड़केश्वर पुलिस ने महिला समेत 2 पर दर्ज किया केस
दीपक ने उन्हें बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर करने को कहा. उन्होंने मांग की तो उसने उन्हें जीएसटी नंबर भी भेज दिया. खाता भी डालमिया कंपनी के नाम पर ही बना था, इसीलिए नितिन को उस पर विश्वास हो गया. उन्होंने 2 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए. दीपक ने बताया कि 13 फरवरी को उनकी साइट पर सीमेंट पहुंच जाएगा.
नितिन दिनभर इंतजार करते रहे लेकिन सीमेंट की गाड़ी नहीं आई. दीपक से संपर्क करने पर नंबर बंद था. उन्होंने दोबारा जांच-पड़ताल की तो पता चला कि डालमिया कंपनी के नाम पर साइबर ठग ने फर्जी वेबसाइट बनाकर अपने नंबर डाले थे. उन्होंने प्रकरण की शिकायत पुलिस से की. पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट सहित विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.
