

Nagpur Superspecialty Dental Hospital: नागपुर के मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रलंबित प्रकल्पों की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुपरस्पेशलिटी डेंटल हॉस्पिटल व रिसर्च सेंटर के बचे हुए कार्यों को तेजी से पूरा कर अगले 3 माह में इसका लोकार्पण करने का निर्देश दिया है।
अत्याधुनिक तकनीक और विभिन्न दंत चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित होने वाले इस सेंटर से विदर्भ सहित मध्य भारत के दंत रोगियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, साथ ही दंत चिकित्सा शिक्षा और रिसर्च को भी नई दिशा मिलेगी। यह देश का पहला सेंटर होगा।
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए करीब 22,002 वर्गफुट भूमि का अधिग्रहण किया गया है। 4,770.12 वर्गमीटर में यह साकार हो रहा है। इसका भूमिपूजन 4 जनवरी 2019 को मुख्यमंत्री फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों हुआ था।
बैठक में बताया गया कि इमारत का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। सेंटर के लिए सरकार ने नए पदों को मंजूरी दी है और कुछ पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू है। कुल 91 पदों में से 60 पद भरे जा चुके हैं।
अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डीपीसी के तहत करीब 3.89 करोड़ रुपये की उपकरण खरीद को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है, साथ ही राज्य योजना के तहत करीब 3.43 करोड़ रुपये की निधि मंजूर की गई है।
इस सुपरस्पेशलिटी सेंटर के शुरू होने से न केवल नागपुर जिले के बल्कि आसपास के ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों से आने वाले मरीजों को भी विश्वस्तरीय दंत इलाज एक ही छत के नीचे मिल सकेगा। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और उन्हें किफायती दरों पर आधुनिक चिकित्सा सेवाएं प्राप्त होंगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना तय समय-सीमा के भीतर सभी शेष काम पूरे करने की कड़ी ताकीद दी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फंड की कमी के कारण कोई भी कार्य रुकना नहीं चाहिए, ताकि स्थानीय नागरिकों को जल्द से जल्द इस विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके।