

Burhanpur Jalebi Center And Step In Restaurant License Cancel: नागपुर के खाद्य सुरक्षा के नियमों को ताक पर रखकर अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले होटलों और प्रतिबंधित पदार्थों का भंडारण करने वालों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की कार्रवाई लगातार जारी है।
एफडीए की विशेष टीम ने शहर के प्रतापनगर स्थित बुरहानपुर जलेबी सेंटर और स्टेप इन रेस्टोरेंट में गंभीर खामियां पाए जाने पर उनके खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की एक अन्य बड़ी कार्रवाई में कलमना क्षेत्र से करीब 2 करोड़ 23 लाख रुपए मूल्य की 55,000 किलो से अधिक संदिग्ध 'रोस्टेड एरेकानट' सुपारी जब्त की गई है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक होटल और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की हैंडलिंग, पानी की आपूर्ति, परिसर की स्वच्छता और कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
एफडीए की नियमित जांच के दौरान नागपुर शहर के प्रतापनगर रिंग रोड, सोनाली अपार्टमेंट स्थित बुरहानपुर जलेबी सेंटर और गिरिपेठ लॉ कॉलेज चौक, आशीधाम स्थित स्टेप इन रेस्टोरेंट में स्वच्छता का अभाव और खाद्य सुरक्षा से संबंधित कई खामियां पाई गई। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत इन दोनों होटलों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
सुपारी का स्टॉक बरामद
प्रतिबंधित और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एफडीए ने कलमना स्थित गौरीश एयो प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम पर अचानक छापा मारा, जांच के दौरान वहां 55,996 किलो रोस्टेड ऐकानट सुपारी का संदिग्ध स्टॉक पाया गया।
बाजार में इस स्टॉक की कीमत करीब 2 करोड 23 लाख 98 हजार 400 रुपए बताई गई है। एफडीए की टीम ने पूरा स्टॉक अपने कब्जे में ले लिया है और एफडीए आगे कि कारवाई कर रही है।