

नागपुर. लकड़गंज थानांतर्गत टेलीफोन एक्सचेंज चौक पर एक नशेड़ी ने शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला कर जान से मारने की कोशिश की. जख्मी जूनी मंगलवारी निवासी महेश संतोष नंदनवार (31) बताया गया. पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर परिसर में रहने वाले शुभम अशोक माटे (27) को गिरफ्तार कर लिया.
शुक्रवार की शाम 7.15 बजे के दौरान महेश, अमन झिल्पे और सुनील देशभ्रतार टेलीफोन एक्सचेंज चौक पर स्थित आगलावे की देशी भट्ठी के सामने खड़े थे. इसी दौरान शुभम वहां आया. उसने महेश से शराब पीने के लिए पैसे मांगे. इनकार करने पर उसने खुद को बदमाश बताया और जान से मारने की धमकी दी. बात नहीं बनी तो शुभम ने चाकू निकालकर महेश पर हमला कर दिया.
महेश बचने के लिए झुका तो उसकी गर्दन पर चाकू लग गया. आरोपी ने अमन और सुनील को भी जान से मारने की धमकी दी. चाकू की नोक पर पैसे मांगने लगा. दोनों ने उसका विरोध किया. प्रतिकार करते ही शुभम वहां से भाग निकला. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. महेश को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया. पुलिस ने विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शुभम को गिरफ्तार कर लिया.