मैं PM बना तो...‘तर्री-पोहा विद देवाभाऊ’ में बिंदास बोले फडणवीस, कहा- विकास का ‘निबंध’ रोज लिखता हूं

Nagpur News: नागपुर में आयोजित ‘तर्री-पोहा विद देवाभाऊ’ कार्यक्रम में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शहर के भविष्य का रोडमैप साझा किया। उनका लक्ष्य 2030 तक नागपुर को एशिया के टॉप 10 शहरों में शामिल करना है।
Devendra Fadnavis Tarri Poha event Nagpur
तर्री-पोहा विद देवाभाऊ (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

CM Devendra Fadnavis Tarri Poha Event Nagpur: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जीवन में जिसने निबंध लिखना बंद किया; समझो वह खत्म हो गया। रोज ही नया चैप्टर लिखना होता है। जीवन वेगवान है और अगर कुछ नहीं लिखा तो खत्म हो जाओगे। जब से सीएम बना हूं; राज्य के विकास का निबंध रोज लिखता हूं। वे स्वागत लान में आयोजित ‘तर्री-पोहा विद देवाभाऊ’ अनौपचारिक गप्पा कार्यक्रम में सवालों का जवाब दे रहे थे।

अभिनेत्री स्पृहा जोशी और हास्य कलाकार भारत गणेशपुरे ने उनसे व्यक्तिगत जीवन से लेकर राजनीतिक जीवन व परिवार से लेकर समाजसेवा संबंधी अनेक प्रश्न पूछे। ऐसे ही एक सवाल के जवाब में फडणवीस ने कहा कि वे रोज ही राज्य के विकास का निबंध लिखते हैं। मैं पीएम बना तो...विषय पर निबंध लिखने की इच्छा पर उन्होंने कहा कि यह जगह वेकेंट नहीं है और 2029 के चुनाव में भी नरेन्द्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। कार्यक्रम के प्रारंभ में शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने उनका स्वागत किया।

मुंबई का विकास वहीं पैदा हुए लोग नहीं कर पाये

एक सवाल के जवाब में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुंबई में पैदा हुए लोग वहां का विकास नहीं कर पाये तो अब क्या करेंगे। विकास की बात हो तो पहला नाम नितिन गडकरी का लिया जाता है। अब पीएम मोदी के नेतृत्व में मैं और एकनाथ शिंदे मुंबई का विकास कर रहे हैं। नागपुर के संदर्भ में कहा कि अब यह सिटी मेट्रोसिटी हो गई है। यह राज्य ही नहीं, देश की सांस्कृतिक राजधानी है।

सिटी का विकास, रोड के कार्य, इंफ्रास्ट्रक्चर देख अब लोग आश्चर्य करते हैं। 100 फीसदी कचरा प्रोसेस कर रहे हैं। बायोगैस-सीएनजी तैयार कर रहे। जब सीएम बना था तब अनियोजित विकास पर नियंत्रण के लिए एनएमआरडीए तैयार किया। ग्रीन फील्ड सिटी तैयार करना होगा।

ग्लोबल कैपिटल सेंटर तैयार किये जा रहे हैं। नया नागपुर तैयार करने का निर्णय लिया है। यहां 5 लाख लोगों के लिए रोजगार तैयार करना है। नया नागपुर और ओवरआल कनेक्टिविटी का प्लान है।

बैकलाग दूर करने मिला अवसर

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नागपुर का बड़ा बैकलाग है। यह सीपी एंड बेरार की राजधानी थी और संयुक्त राज्य के लिए बलिदान किया है। विदर्भ को जो आश्वासन दिया गया था उसका पालन नहीं किया गया। हमें मौका मिला तो सब ला रहे हैं। राज्य के दूसरे क्षेत्रों को भी दे रहे हैं। पुणे, संभाजीनगर में उद्योग, समृद्धि मार्ग, अमरावती में टेक्सटाइल्स हब हमने ही किया। धुले से लेकर गड़चिरोली तक सभी जिलों का विचार किया है। संघ भूमि के साथ यह दीक्षा भूमि है। डॉ. बाबासाहब आंबेडकर ने यहां धम्म दीक्षा ली। यह पवित्र व ऐेतिहासिक स्थान है। मेयर था और गडकरी पालक मंत्री थे। तब वहां सुविधाओं के लिए निधि दी थी। अभी 200 करोड़ रुपये दिये हैं। दुनियाभर से आने वाले भाविकों को इंटरनेशनल सुविधा मिलनी चाहिए। ऐसा कार्य हो रहा है।

उद्योग का हॉट स्पॉट बना नागपुर

मिहान में विकास नहीं हुआ था। आज 90 फीसदी जगह खत्म हो गई। 32 उद्योग शुरू हैं। 23 शुरू होने को तैयार हैं। आईटी कंपनियां आई हैं। 1.21 लाख रोजगार मिहान में मिला है। समृद्धि के चलते बूटीबोरी, एडिशनल बूटीबोरी तैयार हुई और तीसरा बूटीबोरी तैयार करने की जरूरत है। हेलिकॉप्टर, जेट विमान तैयार होने वाले हैं। सोलर, वैपन उत्पादन होगा। 3 लाख करोड़ का निवेश हो रहा है।

पहले चरण में 60 हजार को और दूसरे चरण में 1 लाख को रोजगार मिलेगा। नागपुर उद्योग का हॉट स्पॉट बन गया है। मेट्रो के दूसरे चरण का कार्य शुरू हो गया है। ओबीसी के लिए स्वतंत्र मंत्रालय बनाकर न्याय दिया। झोपड़पट्टी वालों को मालिकी हक के पट्टे दिये। नाग नदी प्रोजेक्ट उद्धव सरकार के समय लटक गया था। अब फिर गति मिली है। टेंडर हो गये हैं। कुछ काम शुरू हुए हैं। हमारा व गडकरी का सपना है कि नाग नदी निर्मल व अविरल बहती दिखे।

राजा की तरह अकड़ गलत

नगरसेवकों या जनप्रतिनिधियों को एक सलाह देवाभाऊ ने दी। उन्होंने कहा कि पहले जनप्रतिनिधि की भावना अपने एरिया के राजा की तरह होती थी, जो गलत है। यह नहीं होना चाहिए। यह भावना खत्म होनी चाहिए व सेवा की भावना बढ़नी चाहिए। जब पहली बार नगरसेवक का चुनाव जीता तो रात में विजयी जूलूस निकला। सुबह 7 बजे डोरबेल बजी और सामने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसके घर के पास गटर लाइन चोक हो गई है। तब पता चला कि नगरसेवक या मेयर का जॉब क्या है। उन्होंने कहा कि राजनीति में धैर्य ही मूलमंत्र है। जनता की सुनने का धैर्य, गाली खाने की क्षमता पैदा कर ली तो राजनीति में रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे लोग इस तरह से याद करें कि ‘बंदा अच्छा था, कुछ अच्छा कर गया’। कुछ सवालों के जवाब में ठहाके भी लगे। उन्होंने कहा कि थोड़ा-बहुत लिखता हूं। मैं रामदास आठवले साहब घराने का कवि हूं।

विजयी बनाने की अपील

कार्यक्रम के अंत में सीएम ने तर्री-पोहा का भी आनंद उठाया। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सिटी के और विकास के लिए भाजपा के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि 2030 तक सिटी को एशिया की टॉप टेन सिटी में शामिल करने के लिए कार्य करना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com