

नागपुर. अमरावती रोड पर ऑर्डनेन्स फैक्ट्री गेट के पास पिकअप वाहन के चालक ने दोपहिया सवार को टक्कर मार दी. बुरी तरह जख्मी दोपहिया सवार की उपचार मिलने से पहले ही मौत हो गई. मृतक दत्तवाड़ी निवासी रामचरण रामसुशील पांडे (49) बताए गए. पुलिस ने पिकअप वाहन क्र. एमएच 40-ए.9774 के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार रामचरण सुबह 6.30 बजे के दौरान अपने दुपहिया वाहन पर अमरावती रोड से हिंगना की ओर जा रहे थे. ऑर्डनेन्स फैक्ट्री के गेट नंबर 1 के सामने आरोपी वाहन चालक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया.
रामचरण बुरी तरह जख्मी हो गए. स्थानीय नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टर ने जांच करते ही रामचरण को मृत घोषित कर दिया. मामले की जांच जारी है.