नागपुर: कलमना में मनोरोगी युवक ने ईंट-पत्थर से वार कर अपने ही दोस्त को उतारा मौत के घाट

Nagpur Crime News: नागपुर के कलमना में नशे के दौरान हुए विवाद में एक मनोरोगी युवक ने अपने ही दोस्त दीपक की ईंट-पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
In Nagpur's Kalamna, a mentally unstable youth brutally killed his friend with bricks and stones following an argument during drug abuse. The suspect is in custody.
हत्या प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Kalamna Murder: कलमना थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई। एक मनोरोगी युवक ने अपने ही दोस्त की पत्थर और ईंट से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान विजयनगर निवासी दीपक उर्फ भोला रामप्रसाद चंद्रलेख के रूप में हुई है, जबकि आरोपी अमोल उर्फ सलमान लक्ष्मण वाघमारे बताया गया है।

छत पर बैठकर कर रहे थे नशा

जानकारी के अनुसार आरोपी अमोल कलमना की जूनी बस्ती में अपनी बहन के साथ रहता है। उसकी बहन होम पेशेंट की देखरेख का काम करती है और रोज रात में ड्यूटी पर चली जाती है। इसी दौरान अमोल और उसका दोस्त दीपक घर पर अकेले रहते थे। दोनों अक्सर घर की छत पर बैठकर गांजा पीते और नशा करते थे। मृतक दीपक के पिता रामप्रसाद ने पुलिस को बताया कि दीपक मानसिक रूप से कमजोर था और कोई काम नहीं करता था। वह कई-कई दिनों तक घर से गायब रहता था और ज्यादातर समय अमोल के साथ बिताता था। अमोल का भी मानसिक उपचार चल रहा है और उसका स्वभाव सनकी बताया जा रहा है।

विवाद के बाद किया जानलेवा हमला

बताया गया कि बुधवार रात दोनों ने छत पर बैठकर नशा किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर अमोल ने छत पर पड़ी ईंट और पत्थर उठाकर दीपक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल दीपक वहीं खून से लथपथ पड़ा रहा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बहन ने देखा खून से लथपथ शव

गुरुवार सुबह जब अमोल की बहन ड्यूटी से घर लौटी तो वह छत पर गई। वहां दीपक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। अमोल मौके पर मौजूद नहीं था। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी।

आरोपी पुलिस हिरासत में

सूचना मिलते ही कलमना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी अमोल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में नशे के दौरान हुए विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com