

Crime Branch Nagpur Police: नागपुर शहर के नंदनवन थाना क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद ने उस समय भयानक रूप ले लिया, जब एक व्यक्ति ने रंजिश में 14 वर्षीय किशोर का अपहरण कर लिया। आरोपी ने मासूम के पिता को कॉल कर बेटे को जान से मारने और हत्या करने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलते ही नागपुर क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा और बच्चे को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान शास्त्री नगर, नंदनवन निवासी सिद्धार्थ अरुण पिल्लेवान के रूप में की है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी सिद्धार्थ का उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद पीड़ित किशोर के पिता ने मानवीयता दिखाते हुए आरोपी की घायल पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और सिद्धार्थ को झगड़ा न करने की सलाह दी। इस मध्यस्थता से गुस्साए आरोपी ने रंजिश पाल ली और बदले की भावना से पड़ोसी के 14 वर्षीय बेटे को उसके घर से जबरन उठा लिया।
बच्चे का अपहरण करने के बाद आरोपी उसे एनआईटी गार्डन ले गया। वहां से उसने बच्चे के पिता को फोन किया और शर्त रखी कि यदि उसकी पत्नी को तुरंत घर वापस नहीं लाया गया तो वह बच्चे को जान से मार देगा। घबराए परिजनों ने बिना देरी किए नंदनवन पुलिस और क्राइम ब्रांच को घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-4 की टीम ने तुरंत जांच शुरू की।तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन एनआईटी गार्डन इलाके में ट्रेस की। पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर आरोपी सिद्धार्थ पिल्लेवान को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से आरोपी की दोपहिया गाड़ी भी जब्त की गई है। बच्चे को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई नंदनवन पुलिस द्वारा की जा रही है।