अब नागपुर में जुटेंगे कॉकरोच: शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ संविधान चौक पर कल जुटेगा युवाओं का सैलाब

CJP Education System Protest Nagpur: नागपुर के संविधान चौक पर 16 जून को कॉकरोच जनता पार्टी का बड़ा विरोध प्रदर्शन। शिक्षा व्यवस्था और भर्ती गड़बड़ी के खिलाफ अभिजीत दिपके उठाएंगे आवाज।
cockroach janta party protest nagpur abhijit dipke student samvidhan chowk
कॉकरोच जनता का पार्टी का विरोध प्रदर्शन (सोर्स: फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Cockroach Janta Party Protest Nagpur: नागपुर की सड़कें 16 जून को एक ऐतिहासिक और अनोखे विरोध प्रदर्शन की गवाह बनने वाली हैं। तेजी से उभरती हुई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब नागपुर के संविधान चौक पर अपना मोर्चा खोलने जा रही है। इस बड़े विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के संस्थापक और युवाओं के बीच चर्चित चेहरा अभिजीत दिपके करेंगे।

जयपुर के बाद अब नागपुर की बारी

अभिजीत दिपके का यह आंदोलन उनके देशव्यापी अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जयपुर में प्रदर्शन के बाद, अब उनकी नजर संतरानगरी नागपुर पर है। जानकारी के मुताबिक, आंदोलन में शामिल होने से पहले दिपके दीक्षाभूमि का दौरा कर सकते हैं, जिसके बाद वे सीधे संविधान चौक पर अपने समर्थकों के साथ जुड़ेंगे।

शिक्षा प्रणाली में सुधार की मांग

कॉकरोच जनता पार्टी का यह विरोध प्रदर्शन मुख्य रूप से परीक्षा प्रबंधन, भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी और शिक्षा क्षेत्र में जवाबदेही की कमी जैसे गंभीर मुद्दों पर केंद्रित है। युवा और छात्र वर्ग विशेष रूप से परीक्षाओं के आयोजन में होने वाली लापरवाही से नाराज हैं। कॉकरोच जनता पार्टी का उद्देश्य इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना और छात्रों के हितों की रक्षा करना है।

छात्रों को जोड़ने की मुहिम

नागपुर के स्थानीय कार्यकर्ता इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। वे शहर के विभिन्न कोचिंग क्लासेस और शिक्षण संस्थानों में जाकर छात्रों से संपर्क कर रहे हैं। हालांकि, पार्टी ने यह स्पष्ट किया है कि छात्रों की शैक्षणिक गतिविधियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए और उनका शामिल होना पूरी तरह स्वैच्छिक है।

जिला प्रशासन की सतर्कता

इस विरोध प्रदर्शन में नागपुर के साथ-साथ भंडारा और वर्धा जैसे पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में युवाओं के जुटने की उम्मीद है। सोशल मीडिया पर पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए, पुलिस प्रशासन ने संविधान चौक पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे। आयोजकों ने भी सभी प्रतिभागियों से अनुशासन बनाए रखने और कानूनी नियमों का पालन करने की अपील की है।

यह देखना दिलचस्प होगा कि 16 जून को संविधान चौक से उठने वाली यह आवाज शिक्षा व्यवस्था में क्या बदलाव लेकर आती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com