नागपुर 11वीं एडमिशन का पहला चरण खत्म, 5 जून से फॉर्म में गड़बड़ी पर शिक्षा विभाग का परिपत्र जारी

Nagpur Class 11 Admission: 11वीं प्रवेश प्रक्रिया में गलत जानकारी भरने से कई विद्यार्थियों के प्रवेश निरस्त हुए हैं। अब दूसरे चरण में आवेदन सुधारने का अवसर दिया जाएगा।
First Phase of Nagpur 11th Grade Admissions Concludes; Education Department Issues Circular Regarding Discrepancies in Forms, Effective June 5
11वीं प्रवेश, केंद्रीय प्रवेश प्रक्रिया, आवेदन सुधार,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Education Department: नागपुर में11वीं की केंद्रीय प्रवेश प्रक्रिया में भाग-1 के आवेदन में गलत या जानकारी भरने में गड़बड़ी करने के कारण अनेक विद्यार्थियों के प्रवेश संबंधित महाविद्यालयों द्वारा निरस्त कर दिए गए हैं। ऐसे विद्यार्थियों को दूसरे चरण में आवेदन की जानकारी सुधारने का अवसर दिया जाएगा। इस संबंध में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा संचालनालय ने एक परिपत्र जारी किया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 11 वीं की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 21 मई से शुरू हुई।

पंजीकरण भाग-1 और भाग-2 भरने से लेकर महाविद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करने तक का पहला चरण बुधवार को समाप्त हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आवेदन पत्र में गलत जानकारी दर्ज कर दी जिसके चलते कई महाविद्यालयों ने उनके प्रवेश रद्द कर दिए। ऐसे मामलों की संख्या हजारों में बताई जा रही है। इस स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने प्रभावित विद्यार्थियों को दूसरे चरण में आवेदन सुधारने की सुविधा उपलब्ध कराई है। विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे 5 जून से शुरू होने वाले दूसरे चरण में सही और सटीक जानकारी भरें।

ईडब्ल्यूएस, एनसीएल प्रमाणपत्र के लिए 3 माह

वर्तमान में पहले नियमित चरण के विद्यार्थियों के प्रवेश सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान एनसीएल (नॉन-क्रीमीलेयर) और ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) श्रेणी के विद्यार्थियों को संबंधित प्रमाणपत्र जमा करना अनिवार्य होता है। हालांकि कई विद्यार्थियों के पास फिलहाल ये प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं हैं। इस संबंध में विद्यार्थी एवं पालक संगठनों ने शिक्षा संचालनालय और राज्य प्रवेश नियंत्रण समिति से समय सीमा बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद संचालनालय ने निर्देश जारी किए हैं कि जिन विद्यार्थियों के पास एनसीएल या ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं हैं, उनसे आवेदन की रसीद या शपथपत्र लेकर उन्हें 3 महीने की अवधि दी जाए और उनका प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।

अंतिम दिन ढाई हजार प्रवेश

केंद्रीय प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण बुधवार को समाप्त हुआ। मंगलवार तक 14,839 विद्यार्थियों के प्रवेश सुनिश्चित हो चुके थे। अंतिम दिन लगभग 2,500 नए प्रवेश दर्ज किए गए। इस तरह पहले चरण के अंत तक नागपुर जिले में कुल 17,022 विद्यार्थियों के प्रवेश सुनिश्चित हुए हैं।

इनमें विज्ञान संकाय में 10,031, कला संकाय में 3,333 तथा वाणिज्य संकाय में 2,596 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। वहीं विभिन्न कोटा श्रेणियों के अंतर्गत 1,062 प्रवेश हुए हैं। अब गुरुवार को महाविद्यालय रिक्त सीटों की स्थिति घोषित करेंगे और 5 जून से प्रवेश प्रक्रिया के दूसरे चरण की शुरुआत होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com