अंतरराष्ट्रीय पोहा दिवस पर नागपुर में विष्णु मनोहर ने पकाया 3,000 किलो तर्री पोहा, जानें कैसे बनाया रिकॉर्ड

International Poha Day: अंतरराष्ट्रीय पोहा दिवस पर मशहूर शेफ विष्णु मनोहर ने नागपुर में 3,000 किलो तर्री पोहा बनाकर विश्व रिकॉर्ड रचा। जानिए इस ऐतिहासिक व्यंजन को बनाने में कितनी सामग्री लगी।
chef vishnu manohar makes 3000 kg tarri poha nagpur world record
तर्री पोहा बनाते हुए विष्णु मनोहर (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

3000 kg Tarri Poha Nagpur: नागपुर की हर गली और चौराहे की शान है यहाँ का तर्री पोहा, जो इस शहर की असली पहचान और गौरव भी है। यहाँ आने वाला हर व्यक्ति इस अनोखे स्वाद का दीवाना हो जाता है, क्योंकि चने की प्रोटीन युक्त तर्री और पोहे का यह संगम नागपुर की धड़कन है। अंतरराष्ट्रीय पोहा दिवस के अवसर पर नागपुर ने पूरी दुनिया में अपनी सफलता का परचम लहरा दिया है। मशहूर शेफ विष्णु मनोहर ने मध्य भारत के सबसे लोकप्रिय व्यंजन, तर्री पोहा, को एक विशाल स्तर पर तैयार कर इतिहास रच दिया है।

रात के अंधेरे में शुरू हुआ स्वाद का महाकुंभ

इस रिकॉर्ड को बनाने की तैयारी रात 2:30 बजे ही शुरू हो गई थी। शेफ और उनकी टीम की कड़ी मेहनत के बाद सुबह 6:00 बजे तक 3,000 किलो तर्री पोहा बनकर तैयार हुआ। शेफ विष्णु मनोहर का कहना है कि इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य दुनिया को यह बताना है कि नागपुर के तर्री पोहा में कितना दम है और यह हमारे शहर की शान है।

3000 किलो तर्री पोहा में कितनी सामग्री?

इस विशालकाय तर्री पोहा को तैयार करने में इस्तेमाल की गई सामग्री की मात्रा जानकर आप हैरान रह जाएंगे।

  • पोहा: 600 किलो
  • देसी चना: 400 किलो
  • प्याज: 500 किलो
  • तेल: 300 किलो
  • अदरक-लहसुन और मसाले: 100-100 किलो धनिया और जीरा पाउडर के साथ भारी मात्रा में अदरक-लहसुन का पेस्ट इस्तेमाल किया गया।

सेहत और स्वाद का अनोखा संगम

शेफ विष्णु मनोहर ने बताया कि तर्री पोहा सिर्फ स्वाद ही नहीं बल्कि पोषण से भी भरपूर है। जहाँ पोहे से कैल्शियम मिलता है, वहीं चने वाली तर्री प्रोटीन का एक बेहतरीन स्रोत है। उन्होंने गर्व से कहा कि जो भी व्यक्ति नागपुर आता है, वह यहाँ का तर्री पोहा जरूर चखता है, और अब यह विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। नागपुर की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि यहाँ का खान-पान न केवल मध्य भारत की जान है, बल्कि अब यह दुनिया के लिए एक मिसाल भी बन चुका है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com