

Bhiwapur Murder Case: नागपुर के भिवापुर तहसील के खरकाड़ा गांव से एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहाँ दोस्तों के बीच चल रही पार्टी अचानक खूनी जंग में बदल गई। विवाद के बाद मयूर करपाते नाम के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मयूर पेशे से ट्रैक्टर चालक था और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता था, लेकिन 23 अगस्त के बाद से उसका अपने परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पाया था।
परिजनों के अनुसार मयूर 23 अगस्त से ही घर नहीं लौटा था। जांच में सामने आया है कि उसी दिन खरकाड़ा निवासी रामदास नेवारे के घर पर कुछ लोगों की पार्टी रखी गई थी। शुरुआती छानबीन के मुताबिक, इस पार्टी के दौरान मयूर और रामदास के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई थी। नागपुर पुलिस को आशंका है कि विवाद इतना बढ़ा कि मयूर पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब शनिवार दोपहर करीब 3 बजे गांव के कुछ लोग हनुमान मंदिर परिसर में बकरियों का चारा लेने पहुंचे। वहां उन्हें एक तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब उन्होंने आसपास जाकर देखा तो मंदिर के पास झाड़ियों में एक सड़ा-गला शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया।
घटना के बाद से ही मुख्य संदिग्ध रामदास नेवारे अपने घर से फरार था, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। सीक्रेट इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी चिमूर तहसील स्थित अपने ससुराल में छुपा हुआ है। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाकर उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के बाद मयूर का शव मंदिर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत का सटीक कारण क्या था।