

Nagpur Bhanutai Gadkari Diagnostic Center: नागपुर शहर में गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कमाल चौक स्थित स्व.भानुताई गडकरी मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर में डायलिसिस सुविधा का विस्तार किया गया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, कंचन गडकरी और अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव चौधरी के हाथों इस विस्तारित सुविधा का औपचारिक लोकार्पण किया गया। मरीजों की क्षमता हुई दोगुनी कमाल चौक स्थित इस डायग्नोस्टिक सेंटर में पहले एक समय में केवल 5 मरीजों के डायलिसिस की व्यवस्था थी।
अब 5 नई डायलिसिस मशीनें उपलब्ध हो जाने से क्षमता बढ़ाकर 10 मरीजों की कर दी गई है, नितिन गडकरी ने विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नई मशीनें लगने से जरूरतमंद मरीजों को राहत मिलेगी, विशेष बात यह है कि जल्द ही 'महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना' के तहत निःशुल्क डायलिसिस सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस केंद्र में डायलिसिस के अलावा कई अन्य गंभीर बीमारियों की जांच बेहद कम दरों पर उपलब्ध है जिसमें एमआरआई, सिटी स्कैन, ईसीजी, ईईजी, एक्स-रे, सोनोग्राफी, इको, स्ट्रेस टेस्ट और मल-मूत्र परीक्षण जैसी आधुनिक जाच सुविधाएं शामिल है।
लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर सारंग गडकरी, राजीव पोतदार, डॉ. खापर्डे, प्रभाकरराव येवले, अविनाश घुशे, अतुल मंडलेकर, प्रकाश टेकाडे, संजय टेकाडे, हेमंत गडकरी, मनीष केडिया, दर्शन पांडे, डॉ. रोहित बडगे, डॉ.आस्था खेमका, डॉ. श्रीरंग वराडपाडे, मोहिनी खापर्डे, ओमप्रकाश इगले, दिनेश इलमे, डॉ. अभिजीत ढवले, डॉ. वैभव बिसने, डॉ. तसलीम वसीम स्नेहल गुल्हाने, सूरज पांडे और राम लाभे उपस्थित थे।
केंद्र सरकार और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को जमीन पर उतारते हुए अब इस सेंटर में महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना (MJPJAY) के अंतर्गत आने वाले पात्र मरीजों का डायलिसिस पूरी तरह से मुफ्त किया जाएगा। इसके अलावा, जो मरीज इस योजना के अंतर्गत नहीं आते हैं, उनके लिए भी बेहद मामूली शुल्क पर यह सुविधा जारी रहेगी।