

Nagpur Monsoon Preparedness: नागपुर शहर के बेसा में आगामी मानसून को देखते हुए नगर पंचायत गोधनी द्वारा क्षेत्र में नगराध्यक्ष रोशना कोलते, मुख्याधिकारी सचिन गाढवे के मार्गदर्शन में व्यापक स्तर पर नाला सफाई अभियान शुरू किया गया है।
नगर पंचायत प्रशासन ने बारिश के दौरान जलभराव और गंदे पानी की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से मुरलीधर लेआउट, कलेक्टर कॉलोनी, गोधनी रेलवे क्षेत्र, स्टार गृह निर्माण सोसायटी, पिटसुर तथा आसपास के अन्य क्षेत्रों में नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ किया है।
नगर पंचायत द्वारा नालों में जमा गाद, कचरा, मलबा तथा झाड़ियों को हटाने का कार्य किया जा रहा है। लंबे समय से नालों में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आने तथा मिट्टी और मलबा जमा होने के कारण बारिश के जल की निकासी प्रभावित हो रही थी।
नाला सफाई अभियान के तहत नालों से बड़ी मात्रा में गंदगी और मलबा निकाला जा रहा है, जिससे वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित होगी, नगर पंचायत प्रशासन का मानना है कि समय रहते किए जा रहे इस कार्य से नागरिकों को बरसात के दौरान होने वाली अनेक समस्याओं से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों में भी सुधार होगा, नगर पंचायत गोधनी ने इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए एक पोकलेन मशीन तथा दो जेसीबी मशीनों की सहायता से नाला सफाई कार्य को गति दी है। मशीनों के माध्यम से बड़े नालों की गहराई तक सफाई की जा रही है, जिससे वर्षों से जमा गाद और अवरोधों को हटाया जा सके।