नागपुर शहर में नहीं रुक रहे एक्सीडेंट, सड़क दुर्घटनाओं में 4 की मौत

महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में सड़क दुर्घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। बीते 24 घंटे में शहर के अलग-अलग इलाकों में हुए हादसों में 3 युवकों समेत 4 की मौत हो गई।
4 Killed in Road Accidents in Nagpur
प्रतीकात्मक तस्वीर
Updated on

नागपुर. शहर में सड़क दुर्घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। बीते 24 घंटे में शहर के अलग-अलग इलाकों में हुए हादसों में 3 युवकों समेत 4 की मौत हो गई। विदर्भ कॉम्प्लेक्स, तिरंगा चौक निवासी भावेश रवींद्र बरणए (27) अपनी मोटरसाइकिल पर दोपहर 12 बजे के दौरान कामगारनगर चौक से जा रहा था। पेट्रोल पंप के सामने टिप्पर क्र। एमएच-40/सीटी-4566 के चालक राधेश्याम रहांगडाले (53) ने उसे टक्कर मार दी और फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। भावेश को उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कपिलनगर पुलिस ने आरोपी चालक राधेश्याम को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी घटना वाठोड़ा थानांतर्गत आउटर रिंग रोड पर हुई। मृतक तुलसीनगर, भांडेवाड़ी निवासी प्रकाश अशोक महंत (29) बताया गया। शाम 5 बजे के दौरान प्रकाश ने अपना दोपहिया तरोड़ी खुर्द की पुलिया पर पार्क किया और दूसरी तरफ जा रहा था। इसी दौरान एक वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी और फरार हो गया। उपचार मिलने से पहले ही प्रकाश की मौत हो गई।

तीसरी घटना एमआईडीसी थानांतर्गत हुई। मृतक गणेश कॉलोनी, वानाडोंगरी निवासी अभिषेक ईश्वर पन्नासे (22) बताया गया। ईश्वर रात 9 बजे के दौरान अपनी मोटरसाइकिल से संगमरोड पर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आए वाहन के साथ टक्कर हो गई। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। यशोधरानगर थानांतर्ग ईंट भट्टा चौक के समीप गोरेवाड़ा निवासी योगेश हेमंत बंसोड़ (42) का दोपहिया वाहन एक हाथ ठेले से टकरा गया। बुरी तरह जख्मी होने के कारण योगेश की मौत हो गई।

Navbharat Live
navbharatlive.com