Nagpur News: ऊपर खुलता नहीं, नीचे बनता नहीं ! क्या डेडलाइन तक पूरा होगा वाड़ी फ्लाईओवर फेज 2?
नागपुर में फ्लाईओवर का जाल सा बिछ गया है। फ्लाईओवर काम के चलते कई लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन चालकों को मनजबूरन लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है।
- Written By: सोनाली चावरे
नागपुर वाड़ी फ्लाईओवर फेज-2
नागपुर : बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए सिटी में फ्लाईओवर के निर्माण तेजी से किए जा रहे हैं। पूरे शहर में फ्लाईओवर का जाल-सा बिछ गया है। इसी कतार में वाड़ी फ्लाईओवर फेज-2 भी शामिल है। विगत महीनों शुरू हुए वाड़ी फ्लाईओवर फेज-2 शुरू करने की डेडलाइन मई अंत तक दी गई थी। लेकिन काम अब तक पूरा नहीं हुआ है।
फ्लाईओवर के चलते हजारों वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फ्लाईओवर ऊपर से खुलता नहीं और नीचे की सड़कें बनती नहीं। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठने लगा है कि क्या वाड़ी फ्लाईओवर फेज-2 डेडलाइन तक पूरा हो सकेगा?
बता दें कि अमरावती रोड पर भारी ट्रैफिक के मद्देनजर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू किया गया था। इसे 2 चरणों में पूरा करने की योजना है। फेज-1 के तहत यूनिवर्सिटी से वाड़ी तक फ्लाईओवर का निर्माण पूर्ण कर विगत महीनों आवागमन के लिए खोल दिया गया था। अब फेज-2 खुलने का लोगों को बेसब्री से इंतजार हैं। इसके तहत आरटीओ से यूनिवर्सिटी तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। हालांकि फ्लाईओवर का निर्माण काफी हद तक पूर्ण हो गया है लेकिन नीचे की सड़कों के सीमेंटीकरण का कार्य पूर्ण होने में समय लगने के संकेत मिल रहे हैं। इससे वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
सूखे की आशंका से बढ़ी किसानों की चिंता, बुआई को लेकर असमंजस में अहिल्यानगर के किसान
‘टाइगर अभी जिंदा है’: आढलराव पाटिल का शिरूर सांसद पर तीखा हमला, 2029 में लोकसभा चुनाव लड़ने का दिया संकेत
Nagpur Station Alert: नागपुर रेलवे स्टेशन पर बढ़ा चोरों का आतंक, यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल
सांसद निलेश लंके का ओरिजीनल ऑपरेशन टाइगर! गले में पट्टा बांधकर खूंखार बाघ को घुमाते दिखे सांसद, देखें VIDEO
हजारों चालकों के लिए मुसीबत
धरमपेठ क्षेत्र का लॉ कॉलेज चौक सिटी के मुख्य चौराहों में से एक है। यहां से रोजाना सीताबर्डी, वाड़ी, खामला और काटोल रोड की ओर आने जाने वाले 10,000 से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है। अब फ्लाईओवर के निर्माण के चलते लॉ कॉलेज चौक से सीताबर्डी की ओर आने-जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। इस कारण वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों की बाढ़-सी आ गई है। लेकिन यातायात संभालने के लिए मार्ग पर ट्रैफिक कर्मी इक्का-दुक्का दिन ही दिखाई देते हैं।
लंबा चक्कर काटने को मजबूर
मार्ग बंद किए जाने के कारण वाहन चालकों को लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है। रविनगर चौक की ओर से आने वाले चालकों को सीताबर्डी जाने के लिए आमदार निवास अन्यथा धरमपेठ होकर जाना पड़ रहा है। वहीं कॉफी हाउस चौक से लॉ कॉलेज चौक होते हुए सीताबर्डी जाने वालों को भी इसी तरह वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना पड़ रहा है। ऐसे में वाड़ी की ओर से आने वाले सैकड़ों बाहरी वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग के लिए भटकना पड़ रहा है।
गार्ड निभा रहे ट्रैफिक ड्यूटी
बता दें कि उक्त चौराहे पर खराब सड़कों के कारण चालकों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सैकड़ों चालक यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस की गैर मौजूदगी में लॉ कॉलेज चौक पर मौजूद गार्ड ट्रैफिक ड्यूटी निभा रहे हैं। लेकिन ट्रैफिक पुलिस के अभाव में लापरवाह चालक नियमों की धज्जियां उड़ाने से बाज नहीं आ रहे है।
