

Worli Nehru Science Centre Planetarium Flyover Construction: वर्ली में नेहरू विज्ञान केंद्र से नेहरू तारांगण के बीच बन रहे फ्लाईओवर और सब-वे का काम तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त मनपा आयुक्त (प्रकल्प) अभिजीत बांगर ने बुधवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को 31 जनवरी 2027 तक फ्लाईओवर का काम पूरा करने का निर्देश दिया।
अभिजीत बांगर ने परियोजना के बाकी कामों के लिए पर्याप्त मनुष्यबल, मशीनरी और अन्य संसाधनों की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की देरी न हो।
BMC के अनुसार, फ्लाईओवर शुरू होने के बाद वाहन चालकों को वर्ली नाका से घूमकर जाने की जरूरत कम होगी। इससे यात्रा समय में करीब 15 मिनट तक की कमी आने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
बांगर ने बताया कि ई. मोसेस रोड से एनी बेसेंट रोड और कोस्टल रोड की ओर सीधा मार्ग उपलब्ध होने से लोअर परेल, महालक्ष्मी और करी रोड की ओर से आने वाले वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी। इससे वर्ली नाका क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने के साथ ईंधन की बचत होने की भी उम्मीद है।
परियोजना की प्रगति के अनुसार, नेहरू विज्ञान केंद्र की ओर 1,200 मिमी व्यास वाली मुख्य पाइलिंग का काम पूरा हो चुका है। यहां 18 में से 17 पाइल कैप, पियर और पियर कैप का काम पूरा किया जा चुका है। जिजामाता नगर की ओर सभी 17 पाइल कैप, पियर और पियर कैप का काम पूरा हो गया है।
परियोजना में कुल 14 पोर्टल बीम में से सभी का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, 18 में से 17 गर्डर स्पैन तैयार किए जा चुके हैं। इनमें से 13 पोर्टल बीम और 9 गर्डर स्पैन की स्थापना भी पूरी हो गई है। 18 में से 7 स्पैन पर डेक स्लैब का कंक्रीटीकरण पूरा हो चुका है।
निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए बांगर ने ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय कर उचित ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इससे निर्माण के साथ-साथ आसपास के मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बनाए रखने की कोशिश की जाएगी।