

New Road Collapsed In Mumbai Action Demanded: मुंबई के विक्रोली स्थित पार्कसाइट के सघन रिहायशी क्षेत्र में हाल ही में निर्मित सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस जाने से सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। संदेश विद्यालय के पास हुई इस घटना ने स्थानीय नागरिकों और राहगीरों में चिंता पैदा कर दी है।
नागरिकों का कहना है कि संबंधित सड़क का निर्माण कार्य महज तीन दिन पहले ही पूरा किया गया था, लेकिन इतनी कम अवधि में सड़क के क्षतिग्रस्त हो जाने से निर्माण की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर संदेह उत्पन्न हो गया है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार को एक डंपर सड़क से होकर गुजरा, जिसके तुरंत बाद सड़क का एक हिस्सा धंस गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दी। हालांकि राहत की बात यह रही कि सड़क धंसने के समय वहां कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इसके बावजूद नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया होता तो कोई भीषण हादसा भी हो सकती थी। क्षेत्र के रहवासी इस बात को लेकर नाराज हैं कि करोड़ों रुपये खर्च कर किए जाने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता पर पर्याप्त निगरानी नहीं रखी जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुसार किया गया होता तो सड़क निर्माण के तीन दिन के भीतर ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
नागरिकों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की स्वतंत्र जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही धंसे हुए हिस्से का पुनर्निर्माण उच्च गुणवत्ता वाले मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।