

VHP Spokesperson Shriraj Nair Supports SIR: विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर ने गरबा आयोजनों और SIR (वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नवरात्रि केवल संगीत-नृत्य का आयोजन नहीं, बल्कि हिंदू परंपराओं से जुड़ा धार्मिक त्योहार है, इसलिए मूर्ति पूजा में आस्था न रखने वालों को गरबा पंडालों में नहीं आना चाहिए।
साथ ही उन्होंने एसआईआर का समर्थन करते हुए कहा कि प्रामाणिक वोटर लिस्ट से ही लोकतंत्र मजबूत होगा और विपक्ष हार के बाद बौखलाहट में सवाल उठा रहा है।
विश्व हिंदू परिषद (VHP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर ने कहा, हमने स्पष्ट कर दिया है कि नवरात्रि हिंदू परंपराओं से जुड़ा एक धार्मिक त्योहार है, न कि सिर्फ संगीत और नृत्य का कोई आयोजन। संगठन का मानना है कि जो लोग मूर्ति पूजा में विश्वास नहीं करते और इसे वर्जित मानते हैं, उन्हें गरबा कार्यक्रमों में शामिल नहीं होना चाहिए, क्योंकि इन कार्यक्रमों में देवी दुर्गा की पूजा रीति-रिवाजों, प्रार्थनाओं और आरती के जरिए की जाती है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जिसकी आबादी लगभग 140 करोड़ है। लोकतंत्र तभी मजबूत और सुदृढ़ हो सकता है, जब वोटर लिस्ट पूरी तरह से प्रामाणिक हो। अगर वोटर लिस्ट में गड़बड़ियां होती हैं तो यह लोकतंत्र को कमजोर करता है।
श्रीराज नायर ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश और विदेश दोनों ही जगहों पर व्यापक रूप से पहचाना और बहुत सम्मान दिया जाता है। उनके कार्यकाल के दौरान हमने उद्योगों की स्थापना, रोजगार के अवसरों का सृजन और पूरे देश में कानून-व्यवस्था में सुधार देखा है।
उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले विपक्ष के लोगों का कहना था कि वोटर लिस्ट में बहुत सारे अवैध नाम हैं। राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल समेत विपक्षी नेताओं के ये बयान हैं। अब एक के बाद एक चुनाव हार रहे हैं तो एसआईआर पर सवाल उठा रहे हैं।
हाल ही में केरल में चुनाव हुए, वहां के जो गृह मंत्री हैं, जो मुख्य मंत्री के दावेदार भी थे, रमेश चेन्निथला ने एसआईआर का स्वागत किया और कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी बहुत बड़ी संख्या में फर्जी वोटरों का नाम डालती थी और एसआईआर की वजह से वो सब निकाले गए।
VHP प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष जहां चुनाव जीते, वहां उसे कोई तकलीफ नहीं है, लेकिन जहां हार जाए, खासतौर से पश्चिम बंगाल में चुनाव हारने के बाद ये सब बौखला गए हैं। विश्व हिंदू परिषद पूरी तरह से एसआईआर का स्वागत करता है कि अवैध वोटरों के जरिए जो चुनाव जीतने का प्रयास हो रहा था, उस पर रोक लगी है।