

Vasai Rain Accident: वसई पूर्व के मांगुलीपाड़ा (भोईदापाड़ा) इलाके में शनिवार को भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। उफनते खुले नाले में गिरने से 50 वर्षीय किशोर नामदेव लोखंडे तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और उनकी तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू किया।
यह हादसा वालीव पुलिस थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, किशोर नामदेव लोखंडे घर से चाय पीने के लिए बाहर निकले थे। लगातार बारिश के कारण इलाके में घुटनों तक पानी भर गया था, जिससे सड़क और खुले नाले के बीच का अंतर दिखाई नहीं दे रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी में चलते समय किशोर का पैर फिसल गया और वह सीधे उफनते नाले में गिर पड़े। नाले का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते वह पानी के साथ बह गए। आसपास मौजूद बच्चों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही वालीव पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल नाले और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है। समाचार लिखे जाने तक किशोर नामदेव लोखंडे का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर खुले नाले और जलभराव लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले इलाकों और उफनते नालों के आसपास जाने से बचें तथा बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।