

SGNP Toy Train Restart Mumbai News: मुंबई के बोरिवली स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (SGNP) से प्रकृति प्रेमियों और बच्चों के लिए एक शानदार खबर सामने आई है। 14 मार्च 2026 को उद्यान की ऐतिहासिक पहचान 'वन रानी' टॉय ट्रेन की वापसी हुई है। शनिवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर फिर से पटरी पर उतारा। यह टॉय ट्रेन, बच्चों में काफी लोकप्रिय है, ऐसे में समर वेकेशन के पहले इसे बच्चों के लिए ख़ास तोहफा माना जा रहा है। ये टॉय ट्रेन कई फिल्मों में नजर आ चुकी है। अमिताभ बच्चन, विनोद खन्ना और ऋषि कपूर की मशहूर फिल्म 'अमर अकबर एंथनी' में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, अब नए अवतार और आधुनिक तकनीक के साथ मुंबईकरों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।
2021 में आए चक्रवाती तूफान के कारण इस ट्रेन की पटरियों और इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा था, जिसके बाद से यह बंद पड़ी थी। अब छुट्टियों का सीजन शुरू होने से ठीक पहले इसके फिर से शुरू होने से पर्यटकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस अवसर पर कहा कि यह ट्रेन पिछले 50 वर्षों से नेशनल पार्क की जान रही है और इसके बिना मुंबई आने वाले पर्यटकों की यात्रा अधूरी मानी जाती है।
वन रानी को फिर से शुरू करने के लिए सरकार ने 42.35 करोड़ रुपये का विशेष बजट आवंटित किया था। नई ट्रेन पूरी तरह से बैटरी चालित है, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल और प्रदूषण मुक्त है। वन अधिकारी अनीता पाटील के अनुसार, यह ट्रेन इस तरह डिजाइन की गई है कि जंगल के शांत वातावरण और वन्यजीवों को कोई नुकसान न पहुंचे। यह 'कृष्णगिरी' और 'तीनमूर्ति' स्टेशनों के बीच चलेगी, जिसकी कुल क्षमता 80 यात्रियों की है।
लोकार्पण समारोह के दौरान पीयूष गोयल ने घोषणा की कि केवल टॉय ट्रेन ही नहीं, बल्कि उद्यान के भीतर स्थित ऐतिहासिक कान्हेरी गुफाओं का भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य दुनिया भर के पर्यटकों को मुंबई की इस प्राकृतिक धरोहर की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने शिक्षा और पर्यटन के केंद्र के रूप में संजय गांधी नेशनल पार्क के महत्व को रेखांकित किया।
राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण नीतिगत बात कही। उन्होंने पार्क के भीतर बसे घरों और बस्तियों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की बात दोहराई ताकि वन क्षेत्र को संरक्षित रखा जा सके। कार्यक्रम में विधायक संजय उपाध्याय, मनीषा चौधरी और प्रवीण दरेकर सहित कई गणमान्य व्यक्ति और स्कूली बच्चे उपस्थित थे, जिन्होंने नई ट्रेन में सफर का आनंद लिया।