

मुंबई: मुंबई महानगरपालिका मुंबई प्रदूषण मुक्त (Mumbai Pollution Free) बनाने कई उपाय कर रही है। इसी उपाय के तहत मुंबई (Mumbai) के 16 स्थानों पर नए मियावाकी जंगल (Miyawaki Forests) बना रही है। इन जंगलों में लगभग एक लाख पेड़ लगाए जा रहे हैं। बीएमसी उद्यान अधीक्षक जितेंद्र परदेशी ने बताया कि इसमें अब तक 50 हजार पौधे लगाये जा चुके हैं, मार्च तक एक लाख पौधे लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
मियावाकी के जंगलों में पेड़ सामान्य जंगलों की तुलना में तेजी से बढ़ते हैं। मियावाकी-शैली के जंगल, जो आमतौर पर दो साल में तैयार हो जाते हैं, घने होते हैं क्योंकि पेड़ों की दूरी कम होती हैं। इन वनों की एक अन्य विशेषता यह है कि इन्हें आरंभिक दो या तीन वर्षों तक नियमित रख-रखाव की आवश्यकता होती है। उसके बाद ये जंगल प्राकृतिक रूप से बढ़ते रहते हैं। मुंबई में जगह-जगह लगाए जा रहे मियावाकी वन स्वच्छ वायु प्रदान करने में बहुत सक्षम होते हैं।
जितेंद्र परदेशी ने बताया कि मुंबई में जगहों पर उगने वाले मियावाकी जंगलों में 47 अलग-अलग तरह के पेड़ लगाए गए हैं, जिनमें फलदार, फूल वाले पौधे, औषधीय गुणों वाले पेड़ शामिल हैं। इसमें मुख्य रूप से इमली, पलास, करंज, बेहड़ा, सावर, रतनगंज, सागौन, सीताफल, बेल, पारिजात, नीम, बांस, अमरूद, पुत्रजीवा, अशोक, हरदा, खैर, जामुप, महुआ, बादाम, काजू, रीठा, शीशम, बकुल, अर्जुन, कटहल, आंवला, कदंब जैसे विभिन्न प्रकार के पेड़ शामिल हैं।
जनवरी 2020 से मुंबई में मियावाकी फॉरेस्ट इनिशिएटिव की शुरुआत हुई थी। इसमें 64 मियावाकी वनों पहल के पहले चरण में विकसित किया गया था। इन स्थानों पर 4 लाख पेड़ लगाए गए हैं। अब परियोजना का दूसरा चरण शुरू किया गया है जिसमें और 50 हजार पौधे लगाए गए हैं। मार्च तक और 50 हजार पौधे लगा दिए जाएंगे।