

Maharashtra MLC Election: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) के भीतर उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए बैठकों का दौर जारी है। मंगलवार रात 11 बजे से तड़के 2 बजे तक और फिर बुधवार को उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के सरकारी आवास देवगिरी पर चली कोर कमेटी की बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई। इस बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार, प्रफुल पटेल, सुनील तटकरे और पार्थ पवार सहित दिग्गज नेता शामिल रहे।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए सुनील तटकरे ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार का नाम तय करते समय पार्टी ने कुछ कड़े मापदंड अपनाए हैं जैसे पार्टी महाराष्ट्र के अलग-अलग क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रख रही है ताकि संगठन का विस्तार हो सके, अजीत पवार द्वारा NDA में शामिल होने के फैसले के बाद जिन नेताओं ने मजबूती से पार्टी का साथ दिया और संगठन निर्माण में काम किया, उन्हें प्राथमिकता दी जा रही है व आगामी चुनावों को देखते हुए ऐसे चेहरे पर दांव लगाया जाएगा जो पार्टी के समीकरणों में फिट बैठता हो।
सुनील तटकरे ने स्वीकार किया कि पार्टी के पास विधान परिषद के लिए 70 से 75 निवेदन और अर्जियां आई थीं। उन्होंने कहा, जब दावेदार 75 हों और सीट सिर्फ एक, तो स्वाभाविक है कि 74 लोगों को उम्मीदवारी नहीं मिलेगी। यह स्थिति हर राजनीतिक दल में होती है। उन्होंने आगे कहा कि कोर कमेटी ने इस बात पर विशेष ध्यान दिया है कि उम्मीदवार के चयन के बाद पार्टी में कम से कम नाराजी हो और एकजुटता बनी रहे।
सूत्रों के अनुसार, कोर कमेटी की बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई लेकिन किसी एक नाम पर आम सहमति नहीं बन पाई है। ऐसे में पार्टी के नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार से अंतिम निर्णय लेने का अनुरोध किया है। उम्मीद है कि आज शाम तक सुनेत्रा पवार आधिकारिक रूप से उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेंगी और कल (गुरुवार) राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से नामांकन पत्र भरा जाएगा।