

मुंबई: महाराष्ट्र का सबसे बड़ा पर्व गणेशोत्सव 7 सितंबर से शुरू हो रहा है। इस मौके पर बप्पा के स्वागत के लिए एसटी कॉर्पोरेशन भी तैयार है। महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बड़े ही धूम-धाम से मनाया जाता है। मुंबई व आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले कोकणवासियों की सुविधा के लिए एसटी कॉर्पोरेशन ने इस साल 4300 अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। ये बसें 2 सितंबर से 17 सितंबर के बीच गणपति उत्सव के लिए विशेषतौर पर चलाई जाएंगी।
बता दें कि महाराष्ट्र के कोकण क्षेत्र में गणेशोत्सव का त्योहार बड़ी ही श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। रोजगार के सिलसिले में राज्य या देश के दूसरे हिस्से में रहने वाले कोकण के लोग भगवान गणेश में अनन्य श्रद्धा के कारण अपने गांव पहुंचने की कोशिश करते हैं। उनकी सहूलियत के लिए एसटी प्रशासन भी हर साल कमर कसकर तैयारी करता है। महाराष्ट्र में गणेशोत्सव के लिए ST द्वारा 2 सितंबर से अतिरिक्त बसें मुंबई, ठाणे, पालघर के प्रमुख बस स्टेशनों से निकाली जाएंगी।
पिछले साल एसटी ने गणेशोत्सव पर कोकण के लिए 3500 अतिरिक्त बसें चलाई थीं। लेकिन इस साल इसे बढ़ाकर 4300 करने का निर्णय एसटी प्रशासन ने लिया है। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के जनसंपर्क अधिकारी अभिजीत भोसले ने एक विज्ञप्ति के जरिए बताया है कि उक्त बसें आधिकारिक वेबसाइट npublic.msrtcors.com पर आरक्षण के लिए उपलब्ध करा दी गई हैं।
बसों का रिजर्वेशन बस स्टैंड पर या निगम के MSRTC बस आरक्षण ऐप के माध्यम से उपलब्ध होगा। इसके लिए व्यक्तिगत आरक्षण के साथ-साथ समूह आरक्षण में अमृत वरिष्ठ नागरिकों के लिए 100 प्रतिशत, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं के लिए 50% की छूट दी जा रही है। 2 सितंबर से ये अतिरिक्त बसें मुंबई, ठाणे, पालघर के प्रमुख बस स्टेशनों से छोड़ी जाएंगी।
बता दें कि मुंबई साथ-साथ पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने घर वापस जाते और कई लोग प्रसिद्ध गणेश पंडालों में दर्शन करने के लिए जाते हैं। लालबाग का राजा कहे जाने वाले मुंबई स्थित लालबाग में विराजमान भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में भक्त पहुंचते है। जहां आम लोगों के साथ-साथ राजनेता, अभिनेता और बड़े-बड़े खिलाड़ी भी दर्शन के लिए पहुंचते है।