

Sirivella Prasad Maharashtra Congress Incharge: सितंबर महीने की शुरुआत में महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के तौर पर सिरिवेल्ला प्रसाद की नियुक्ति कर दी गई थी। लेकिन उनके मुंबई आने का मुहूर्त नहीं निकल पा रहा था।
अब गुरुवार को वे मुंबई आकर अपना पदभार ग्रहण करेंगे। अपने पांच दिनों के दौरे पर प्रसाद राज्य कांग्रेस की एक्सटेंडेड एग्जीक्यूटिव की मीटिंग करेंगे और डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट से बातचीत करेंगे।
वे राज्य के सीनियर नेताओं, विधायकों और सांसदों से चर्चा करेंगे, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल भी मौजूद रहेंगे। रमेश चेन्निथाला की जगह सिरिवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
प्रसाद का गुरुवार सुबह छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद वे शिवाजी पार्क में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देंगे, दोपहर 12।15 बजे वे दादर में चैत्यभूमि पर डॉ। बाबासाहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि देंगे और दोपहर 1।00 बजे प्रदेश कांग्रेस के हेडक्वार्टर तिलक भवन पहुंचेंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में करारी हार मिलने के बाद से कांग्रेस बुरे दौर से गुजर रही है। हार के बाद तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद हर्षवर्धन सपकाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
सपकाल, लगातार संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन पार्टी फंड के संकट की वजह से कई कामों को पूरा करने में उन्हें चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अब नए प्रदेश प्रभारी सिरिवेल्ला प्रसाद के सामने महाराष्ट्र कांग्रेस में नया जोश भरने के साथ पार्टी फंड को मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगी। साथ ही कांग्रेस की पुरानी बीमारी गुटबाजी का भी कोई सफल इलाज तलाश करना होगा।
ऐसी रिपोर्ट है कि प्रसाद की योजना महाराष्ट्र कांग्रेस में युवा नेताओं को ज्यादा मौके देने की है। जिस तरह से हाल के दिनों में जेन जी अपनी ताकत का एहसास कराया है। इसके मद्देनजर युवा वोटरों को आकर्षित करने के लिए युवा नेताओं को ज्यादा मौके देने होंगे।