ANC ने सिद्धांत कपूर से 5 घंटे पूछताछ, कई हाई-प्रोफाइल नामों को समन तैयार

Mumbai ANC ने सिद्धांत कपूर से 5 घंटे पूछताछ की। लविश के बयान के आधार पर कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों को समन भेजे जा सकते हैं। ड्रग्स तस्करी और रेव पार्टी कनेक्शन की जांच तेज हो गई है।
Siddhant Kapoor
सिद्धांत कपूर (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Siddhant Kapoor At ANC Office: मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने बॉलीवुड अभिनेता शक्ति कपूर के बेटे और श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धार्थ कपूर से करीब 5 घंटे तक पूछताछ की है। जांच अधिकारी ने उनका बयान दर्ज कर लिया है।

वे मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे घाटकोपर यूनिट पहुंचे थे, और शाम लगभग 6 बजे वहां से निकल गए। मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक सिद्धार्थ कपूर का बयान अभी अधूरा हुआ है। पुलिस को कई और सवालों के जवाब सिद्धार्थ कपूर से चाहिए, इसके लिए जल्द दोबारा पूछताछ के लिए उन्हें समन भेजा जायेगा।

दावा है कि सिद्धार्थ कपूर ने इंडिया में ही कई पार्टियां कीं, जहां कथित तौर पर ड्रग्स का इस्तेमाल हुआ था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिद्धार्थ ने जांच अधिकारियों के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जिससे एएनसी की जांच अब और तेज हो सकती है।

इसके बाद कई अन्य बड़ी हस्तियों को भी समन भेजकर बुलाया जा सकता है। सिद्धार्थ को दाऊद इब्राहिम के कथित दुबई से गिरफ्तार पंटर, मोहम्मद सलीम सोहेल शेख उर्फ लविश के बयान के आधार पर समन भेजा गया था।

लविश ने कथित तौर पर बताया था कि, वह सिद्धार्थ कपूर सहित कई बॉलीवुड और राजनीतिक हस्तियों के लिए मुंबई के, पश्चिमी उपनगरों स्थित निजी बंगलों तथा विदेशों के लग्जरी क्लबों में रेव पार्टियों का आयोजन करता था।

इन पार्टियों में नशीले पदार्थों की सप्लाई भी करता था। पूछताछ की सूची में अभी अभिनेत्री श्रद्धा कपूर, नोरा फतेही, निर्देशक अब्बास-मस्तान, रैपर लोका, पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी आदि के नाम शामिल हैं।

हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ये सभी नाम केवल लविश के बयानों पर आधारित है। अभी तक किसी को भी आरोपी नहीं माना गया है। समन केवल बयान दर्ज करने और तथ्यों के सत्यापन के लिए जारी किए गए हैं।

ओरी आज होंगे हाजिर

इसी कड़ी में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरहान अवात्रामणि उर्फ ऑरी को आज (बुधवार) को दोपहर एक बजे पेश होने का निर्देश दिया गया है। यह मामला नासिक की 252 करोड़ के मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स तस्करी से जुड़ा है। जिसमें कई हाई-प्रोफाइल नाम सामने आए हैं।

फिल्म शूटिंग में, अंडरवर्ल्ड से बढ़ी थी करीबी

पुलिस सूत्रों ने बताया कि साल 2017 में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर पर बनी फिल्म, हसीना पारकर (द क्वीन ऑफ मुंबई) में सिद्धार्थ कपूर ने दाऊद इब्राहिम का किरदार निभाया था, जबकि उनकी बहन श्रद्धा कपूर ने हसीना पारकर की भूमिका निभाई थी। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों की मुलाकात हसीना पारकर के बेटे अल्ताफ शाह पारकर अली शाह पारकर से हुई थी, अत्ताक का नाम भी एएनसी की पूछताछ सूची में शामिल है।

Navbharat Live
navbharatlive.com