शहाड़ पुल की बदहाली पर मनसे का हल्ला बोल, 15 अक्टूबर तक गड्ढे न भरे तो होगा बवाल

Thane News: शहाड़ पुल की बदहाली और गड्ढों से नाराज़ मनसे कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मनसे ने चेतावनी दी कि 15 अक्टूबर तक सड़क दुरुस्त न हुई तो विभाग के दफ्तर पर जोरदार आंदोलन होगा।
गड्ढों के खिलाफ मनसे का प्रदर्शन (pic credit; social media)
गड्ढों के खिलाफ मनसे का प्रदर्शन (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Shahad Bridge: ठाणे जिले के कल्याण में शहाड़ पुल की बदहाली ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पुल पर जगह-जगह बने गड्ढों से हादसों का खतरा बढ़ गया है और रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, पुल पर गड्ढों की वजह से आए दिन वाहन फंस जाते हैं। कभी-कभी दो-दो घंटे तक ट्रैफिक जाम लग जाता है। गुस्साए लोगों ने कई बार राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को शिकायत की लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे नाराज़ होकर मनसे कार्यकर्ता मैदान में उतरे और पुल पर प्रदर्शन किया।

सड़क जाम करने की कोशिश

मनसे कार्यकर्ताओं ने गड्ढों के विरोध में पुल पर ही बैठकर चक्का जाम करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें हटा दिया। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने पुल पर ही जमकर नारेबाज़ी की और विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी। इसे भी पढ़ें-डोंबिवली में गड्ढों को लेकर मनसे का आंदोलन, प्रशासन को दी अंतिम चेतावनी

15 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम

मनसे नेताओं ने साफ कहा कि यदि 15 अक्टूबर तक पुल पर गड्ढे नहीं भरे गए तो विभाग के कार्यालय के बाहर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मनसे ने प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अगर किसी की जान गई तो इसकी पूरी जवाबदेही विभाग की होगी।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहाड़ पुल कल्याण और आसपास के इलाकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लेकिन इसकी हालत बद से बदतर हो चुकी है। गड्ढों की वजह से कई छोटे-मोटे हादसे पहले ही हो चुके हैं। अब अगर जल्द मरम्मत नहीं की गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन मनसे के आंदोलन और अल्टीमेटम के बाद प्रशासन पर दबाव जरूर बढ़ गया है। अब देखना होगा कि विभाग समय रहते कार्रवाई करता है या फिर 15 अक्टूबर के बाद मनसे का प्रदर्शन बड़ा रूप लेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com