बीजेपी यानी राजनीति का बकासुर, Sanjay Raut बोले जिसकी भूख कभी नहीं मिटती, वो है बीजेपी

Sanjay Raut Attack: संजय राउत ने राघव चड्ढा और आप सांसदों के बीजेपी में शामिल होने पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने बीजेपी को बकासुर और डंपिंग यार्ड बताते हुए कहा कि वहां केवल कचरा जा रहा है।
The BJP is the 'Bakasura' of politics—a demon whose hunger is never satiated, says Sanjay Raut.
संजय राउत (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BJP is Bakasur says Sanjay Raut: देश की राजनीति में दलबदल के नए अध्याय ने विपक्षी खेमे में हलचल तेज कर दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) के दिग्गज नेता राघव चड्ढा और अन्य राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की खबरों पर शिव सेना (UBT) के नेता संजय राउत ने अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। राउत ने न केवल बीजेपी की विस्तारवादी नीति को 'बकासुर' की भूख बताया, बल्कि दलबदल करने वाले नेताओं को 'कचरा' और 'पेज 3 लीडर' तक कह डाला।

बीजेपी राजनीति का बकासुर और डंपिंग यार्ड

संजय राउत ने महाभारत के एक पात्र का उदाहरण देते हुए बीजेपी की तुलना 'बकासुर' नाम के राक्षस से की। उन्होंने कहा कि "महाभारत में एक राक्षस है, जिसका नाम बकासुर है। उसकी भूख कभी नहीं मिटती, उसका पेट कभी नहीं भरता। आज बीजेपी 'बकासुरों की पार्टी' बन गई है। वे कुछ भी खा जाते हैं, किसी को भी निगल लेते हैं। बीजेपी अब एक 'डंपिंग यार्ड' बन चुकी है, जहां सारा कचरा जमा हो रहा है।"

कल तक जो गुंडा कहते थे, आज उसी के गले मिले

राघव चड्ढा का नाम लेते हुए राउत ने उनकी नैतिकता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो नेता कल तक बीजेपी को गुंडों, ठगों और भ्रष्टाचारियों की टोली बताते थे, आज वे खुद होलसेल में उसी टोली का हिस्सा बन गए हैं। राउत ने तंज कसते हुए कहा कि राघव चड्ढा जैसे लोग, जो कल तक हमारे मित्र थे और खुलेआम बीजेपी को भ्रष्ट कहते थे, अब उन्हें उसी पार्टी में सुकून मिल रहा है। यह राजनीति की बेशर्मी की पराकाष्ठा है।

ट्रंप के नरक वाले बयान का जिक्र

संजय राउत ने अपने बयान में अंतरराष्ट्रीय राजनीति को भी घसीटा। उन्होंने कहा कि हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के बारे में कुछ विवादित टिप्पणियां की थीं (नरक से तुलना), और बीजेपी की मौजूदा राजनीति उसे सच साबित कर रही है। राउत के अनुसार, बीजेपी एक 'नरक' की तरह बन गई है और ये सात नेता उसी नरक का हिस्सा बनने गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इन नेताओं को जल्द ही अहसास होगा कि नरक का जीवन कैसा होता है।

विपक्ष कमजोर नहीं होगा, ये पेज 3 नेता हैं

राउत ने साफ किया कि कुछ सांसदों के जाने से विपक्ष की ताकत कम नहीं होगी। उन्होंने दलबदलुओं की जन-पकड़ पर हमला करते हुए कहा कि इन 6-7 लोगों के जाने से विपक्ष कमजोर नहीं होगा। ये लोग जननेता (Public Figures) नहीं हैं। ये सोशल मीडिया के 'पेज 3' नेता हैं। इनकी पहुंच केवल फोटो खिंचवाने और ट्वीट करने तक सीमित है, जमीन पर इनका कोई वजूद नहीं है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com