

Rohit Pawar On Ahmedabad Plane Crash: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना की जांच रिपोर्ट में हो रही देरी और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे के मामले को लेकर सत्ताधारी पक्ष के साथ-साथ अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी तीखा हमला बोला है। उन्होंने विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जाहिर की।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट करते हुए रोहित पवार ने लिखा कि अहमदाबाद विमान हादसे को लगभग एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। नियमों के अनुसार किसी भी विमान दुर्घटना की अंतिम जांच रिपोर्ट एक वर्ष के भीतर प्रस्तुत की जानी चाहिए, लेकिन अब तक अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि AAIB की जांच तकनीकी प्रकृति की होती है और इसमें आपराधिक जांच शामिल नहीं होती। इसके बावजूद रिपोर्टों में देरी होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
रोहित पवार ने आगे महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे का उल्लेख करते हुए उन लोगों पर भी हमला बोला, जो कहते हैं कि रिपोर्ट आने तक इंतजार करना चाहिए। उन्होंने लिखा कि AAIB की जांच में आपराधिक पहलुओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। यह जानते हुए भी कि रिपोर्ट में देरी हो रही है जो लोग कहते हैं कि अजित दादा के हादसे पर रिपोर्ट आने दो, हमें उसका इंतज़ार करना चाहिए। वे लोग सत्ता के दलाल, सत्ता के भूखे, गद्दार और एहसान फरामोश हैं।
अपने बयान में रोहित पवार ने भावनात्मक सवाल भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई नेता मंचों से दोस्ती, रिश्तों और संबंधों की बातें करते हैं, लेकिन जब वास्तविक परिस्थितियां सामने आती हैं तो वही लोग चुप्पी साध लेते हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि उनका यह बयान उन नेताओं की ओर इशारा करता है जो अजित पवार से नजदीकी दिखाते हैं, लेकिन विमान हादसे के मामले में खुलकर कोई रुख नहीं अपनाते।
इस बीच अहमदाबाद विमान हादसा एक बार फिर से चर्चा में है। इसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी। दुर्घटना की अंतिम जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं होने के कारण जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी संदर्भ में रोहित पवार ने एएआईबी की कार्यप्रणाली पर अप्रत्यक्ष रूप से प्रश्नचिह्न लगाते हुए अजीत पवार के विमान हादसे की रिपोर्ट का इंतजार करने की सलाह देने वालों को निशाने पर लिया है।