अजित पवार प्लेन हादसा: रोहित पवार ने CM फडणवीस को सौंपे 'सीक्रेट' सबूत, FIR और जांच को लेकर किए बड़े खुलासे

Ajit Pawar Plane Crash Case: अजित पवार विमान हादसे को लेकर विधायक रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सीएम के सामने कई मांगें रखी है।
Rohit Pawar Meet Devendra Fadnavis demands cid probe Ajit Pawar Plane Crash Case
रोहित पवार व सीएम देवेंद्र फडणवीस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rohit Pawar Meet Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र की राजनीति में अजित पवार विमान हादसे का मामला एक बार फिर गरमा गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने शुक्रवार को राज्य के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान रोहित पवार ने 28 जनवरी को हुई उस दुखद विमान दुर्घटना के संबंध में कई गंभीर सवाल उठाए, जिसमें अजित पवार की मृत्यु हो गई थी।

मुख्यमंत्री को सौंपे रिसर्च पेपर और सबूत

रोहित पवार ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस हादसे से जुड़े अपने रिसर्च पेपर और महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां सौंपी हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से उठाए गए सभी बिंदुओं को मुख्यमंत्री के सामने विस्तार से रखा और मांग की कि इस पूरे मामले की जांच पूरी तरह से पारदर्शी होनी चाहिए। रोहित ने आग्रह किया कि यदि आवश्यक हो, तो राज्य सरकार को इस विषय को देश के गृहमंत्री अमित शाह के समक्ष भी उठाना चाहिए।

अजित दादा के सम्मान में रखीं 5 बड़ी मांगें

मुलाकात के दौरान रोहित पवार ने दिवंगत नेता की स्मृति को सहेजने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।

  • देवगिरी बंगले का नामकरण: उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री के आधिकारिक निवासों में से एक 'देवगिरी बंगले' का नाम बदलकर अजित पवार के नाम पर किया जाए।
  • विधान भवन में स्मारक: महाराष्ट्र विधान भवन परिसर में अजित पवार का एक भव्य स्मारक बनाया जाए।
  • बारामती एयरपोर्ट का विकास: बारामती हवाई अड्डे को अत्याधुनिक बनाया जाए, वहां नाइट लैंडिंग की सुविधा शुरू की जाए और इसका नाम 'अजित पवार हवाई अड्डा' रखा जाए।
  • पुणे रिंग रोड: पुणे रिंग रोड परियोजना को भी दिवंगत नेता के नाम से जोड़ा जाए।

FIR और CID जांच की मांग

कानूनी कार्रवाई पर बात करते हुए रोहित पवार ने कहा कि उनकी इच्छा बारामती में FIR दर्ज कराने की थी, लेकिन भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए उन्होंने मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में 'जीरो FIR' दर्ज करने की कोशिश की थी। हालांकि, वहां सफलता न मिलने पर अब उन्होंने घटना स्थल यानी बारामती में ही FIR दर्ज करने और पूरे मामले की सीआईडी जांच कराने की पुरजोर मांग की है।

पार्टी के भीतर 'दबाव' के सनसनीखेज आरोप

रोहित पवार ने राजनीतिक मोर्चे पर भी बड़े दावे किए। उन्होंने आरोप लगाया कि एनसीपी के कुछ वरिष्ठ नेता अजित पवार को उनके जीवनकाल में परेशान कर रहे थे और पार्टी पर नियंत्रण पाने की कोशिश में थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि दबाव के चलते ही नेतृत्व सुनेत्रा पवार को सौंपा गया है। इसके अलावा, उन्होंने धनंजय मुंडे पर असहयोग का आरोप लगाया और कहा कि नरहरी झिरवल को जानबूझकर राजनीतिक रूप से कमजोर किया जा रहा है ताकि किसी और को मंत्री पद दिया जा सके।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने रोहित पवार की बातों को गंभीरता से सुना और कथित तौर पर आश्वासन दिया कि वे पुलिस अधिकारियों से तकनीकी पहलुओं पर चर्चा कर आगे की प्रक्रिया तय करेंगे। रोहित पवार अब सोमवार सुबह 11 बजे एक विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस कर और भी नए खुलासे करने वाले हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com