

Ravindra Dhangekar Warning to BJP: महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर खींचतान और जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। अब शिवसेना नेता रवींद्र धंगेकर ने बीजेपी के नेताओं की बयानबाजी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अपनी ही सहयोगी पार्टी को सीधी चेतावनी दे दी है। धंगेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बीजेपी के नेताओं विजय चौधरी और अमरीश पटेल के बयानों पर गहरी नाराजगी जाहिर की और कहा कि पार्टी अपने अनुशासनहीन नेताओं पर सख्त कार्रवाई करे।
शिवसेना नेता रवींद्र धंगेकर ने दावा किया है कि भाजपा आज सत्ता में है तो इसका श्रेय एकनाथ शिंदे द्वारा शुरू की गई लाडकी बहिन योजना को जाता है। उन्होंने भाजपा नेताओं को शिवसेना का आभार मानने की नसीहत दी है।
एकनाथ शिंदे गुट के रवींद्र धंगेकर की इस टिप्पणी के बाद महायुति के दोनों प्रमुख दलों के बीच चल रही खींचतान फिर चर्चा में आ गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भाजपा नेताओं द्वारा शिवसेना नेताओं के खिलाफ दिए जा रहे बयानों पर नाराजगी जताई और उन्हें संयम बरतने की सलाह दी।
रवींद्र धंगेकर ने कहा कि आम महिलाओं के लिए शुरू की गई लाडकी बहिन योजना के कारण महायुति को बड़ी राजनीतिक सफलता मिली। उन्होंने दावा किया कि इस योजना के चलते कई विधायक चुनाव जीतकर आए और राज्य में महायुति की सरकार बनी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेता शिवसेना के खिलाफ बयान देकर गठबंधन को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुश्मन को खत्म करने से पहले दोस्त को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
रवींद्र धंगेकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मैं बीजेपी के विजय चौधरी और अमरीश पटेल द्वारा हमारे नेता और राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत के बारे में दिए गए आपत्तिजनक बयानों की सार्वजनिक रूप से निंदा करता हूं। हम ऐसे आपत्तिजनक बयानों को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। धंगेकर ने उदय सामंत की छवि राज्य के विकास और उद्योग वृद्धि के लिए काम करने वाले नेता बताया।
शिवेसना नेता धंगेकर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण से मांग की कि पार्टी अनुशासन तोड़ने वाले नेताओं पर कार्रवाई की जाए। यदि ऐसे बयानों पर रोक नहीं लगी तो, हम उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल के गलत कामों को सबूतों के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से रोजाना जनता के सामने उजागर करेंगे।
शिवसेना नेता रवींद्र धंगेकर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आज भाजपा सत्ता में है तो इसमें एकनाथ शिंदे द्वारा शुरू की गई 'लाडकी बहिन' योजना का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोकप्रिय विधायकों में उदय सामंत और शिवसेना के कई जनप्रतिनिधि आगे है, इसलिए भाजपा को शिवसेना का धन्यवाद करना चाहिए। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों से शिवसेना के खिलाफ बयानबाजी रोकने की अपील की। साथ ही उदय सामंत के खिलाफ भाजपा नेताओं विजय चौधरी और अमरीश पटेल द्वारा दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों की निंदा की।