

मुंबई : मोदी सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से यात्रा करके न सिर्फ लोगों को मिजाज परखा बल्कि समस्याओं को भी जानने व समझने की कोशिश की। इस दौरान लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवायीं और रेल मंत्री से अपना एक्सपीरियंस भी शेयर किया।
शुक्रवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से यात्रा की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत भी की। अधिकारी ने बताया कि पुरस्कार समारोह के लिए मुंबई आए वैष्णव अंबरनाथ जाने वाली धीमी लोकल ट्रेन के सेकंड क्लास कोच में चढ़े और भांडुप स्टेशन पर उतरे, जिसके बाद वह गणेश मंडल पहुंचे और गणपति बाप्पा के दर्शन किये। इस मौके पर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक धर्मवीर मीणा, डीआरएम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
आपने देखा होगा कि इसके पहले रेल मंत्री वैष्णव फरवरी 2022 में दो अतिरिक्त रेल लाइन के निरीक्षण के लिए ठाणे और दिवा स्टेशन के बीच लोकल ट्रेन में सफर कर चुके हैं। लोकल ट्रेन में सफर कर रहे यात्री अपने बीच रेल मंत्री को देखकर उत्साहित नजर आए। कुछ लोगों ने तो मंत्री से अपना एक्सपीरियंस भी शेयर किया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि एक पुरस्कार समारोह के लिए रेल मंत्री मुंबई आए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने रेल यात्रियों से अनुभव साझा करने और लोकल में यात्रा करने का प्लान बनाया। मंत्री के साथ बातचीत के दौरान सेवाओं की संख्या बढ़ाने की मांग की और ट्रेन सेवा में बार बार होने वाली रुकावटों पर चिंता जताते हुए इसमें सुधार की मांग की।
इस दौरान ट्रेन में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र में 16,240 करोड़ रुपये की लागत से 12 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इस काम के पूरा हो जाने के बाद नेटवर्क में पटरियों की लंबाई 301 किलोमीटर बढ़ जाएगी, जिससे यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इन परियोजनाओं के बारे में विस्तार देखेंगे तो पता चलेगा कि नए प्लान में सीएसएमटी-कुर्ला के बीच 5वीं और 6वीं लाइन, मुंबई सेंट्रल-बोरीवली के बीच 6वीं लाइन, कल्याण-आसनगांव के बीच 4वीं लाइन, कल्याण-बदलापुर के बीच 3वीं और 4वीं लाइन, नीलाजे-कोपर डबल कॉर्ड लाइन, नायगांव-जुईचंद्र कॉर्ड लाइन और ऐरोली-कल्याण एलिवेटेड कॉरिडोर जैसी कई महत्वपूर्ण रूट शामिल हैं, जो आने वाले दिनों में अच्छी सेवा दे सकते हैं।