

Punyashlok Ahilyadevi Holkar Farmer Loan Waiver: राज्य सरकार की 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026' के तहत पात्र किसानों की तीसरी सूची जारी कर दी गई। इस सूची में 16.96 लाख किसानों को शामिल किया गया है। सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटिल ने बताया कि शेष पात्र किसानों की सूचियां भी जल्द जारी की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ राज्य के करीब 56 लाख पात्र किसानों को मिलेगा। लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को एग्रीस्टैक पर पंजीकरण कर आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सहकार मंत्री के अनुसार, पात्र लाभार्थियों की सूची संबंधित बैंकों ने महाआयटी (MahaIT) द्वारा विकसित पोर्टल पर अपलोड कर दी है और प्राथमिक सत्यापन पूरा हो चुका है।
आधार प्रमाणीकरण की अगली प्रक्रिया के लिए पात्र किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत कार्यालयों, विभिन्न कार्यकारी सेवा सहकारी समितियों और संबंधित बैंकों की शाखाओं में भी कर्जमाफी लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक की जाएगी।
योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र किसान को यूनिक आईडी दी जाएगी, जिसके आधार पर वह आधार प्रमाणीकरण पूरा कर सकेगा। राज्य के करीब 32 हजार 'आपले सरकार सेवा केंद्रों' पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। एग्रीस्टैक पंजीकरण और आधार प्रमाणीकरण पूरा होने के बाद प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से कर्जमाफी की राशि सीधे किसानों के ऋण खाते में जमा की जाएगी।
कर्जमाफी योजना के तहत पात्र घोषित करीब 17 लाख किसानों को लगभग 13 हजार करोड़ की कर्जमाफी का लाभ मिलेगा। आधार प्रमाणीकरण पूरा होने और किसी प्रकार की आपत्ति नहीं होने पर राशि बिना विलंब किसानों के ऋण खातों में जमा कर दी जाएगी। शेष पात्र किसानों की सूची का सत्यापन जारी है और उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से योजना का लाभ दिया जाएगा।