

Varsha Gaikwad On Pune Nasrapur Minor Case: मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड ने सरकार पर रविवार को निशाना साधते कहा कि पुणे में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप और हत्या की घटना बहुत ही शर्मनाक और इंसानियत को शर्मसार करने वाली है, ऐसे नराधम को फांसी देनी चाहिए, यह घटना यह बताने के लिए काफी है कि राज्य में कानून का कोई डर नहीं है।
महिलाओं पर जुल्म की घटनाएं हर दिन हो रही हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को घटना के बाद सख्त एक्शन लेना चाहिए, लेकिन वे विपक्ष को लेकर राजनीति करने की बात कह कर मामला टाल देते हैं। असल में सरकार और पुलिस अपराधियों पर अपनी पकड़ खो चुकी है।
सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि राज्य में ऐसी घटनाएं सरकार की बड़ी नाकामी है। यह और भी निंदनीय है, जब हजारों लोग अपराधी को सख्त सजा देने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे तो फडणवीस की पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया।
नसरपुर में हुई अमानवीय और घिनौनी घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला और बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने पीड़ित लड़की के परिवार से संपर्क किया हैं। मंत्री अदिति तटकरे ने कहा कि वे आरोपियों को मौत की सजा दिलाने की कोशिश करेंगी। पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दी जाएगी।
साथ ही एक विशेष लोक अभियोजक के जरिए यह पक्का करने की पूरी कोशिश की जाएगी कि आरोपी को मौत की सजा मिले। मंत्री तटकरे ने स्थानीय विधायक शंकर मांडेकर के जरिए गांव वालों से बातचीत की। इस मुश्किल समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।