PM मोदी ने दी मुंबईकरों को मेट्रो-3 की सौगात, आरे से कफ परेड सफर अब सिर्फ 1 घंटे में पूरा

Metro-3 gift to Mumbaikars: PM नरेंद्र मोदी ने मुंबईकरों को मेट्रो-3 की सौगात दी। अब आरे से कफ परेड तक का सफर सिर्फ 1 घंटे में पूरा होगा। रोजाना 3.54 लाख लीटर ईंधन की बचत होगी।
पीएम मोदी ने मेट्रो-3 की दी सौगात (pic credit; social media)
पीएम मोदी ने मेट्रो-3 की दी सौगात (pic credit; social media)
Published on
Updated on

PM Modi inaugrurate Metro-3: मुंबईकरों को बुधवार सुबह पीएम मोदी ने अब तक का सबसे बड़ा सफरनामा तोहफा दिया है। शहर की पहली पूरी तरह भूमिगत मेट्रो यानी मेट्रो लाइन-3 का पूरा कॉरिडोर आज से आम जनता के लिए खुल गया है। इसे 'एक्वा लाइन' नाम दिया गया है। ये लाइन आरे से लेकर कफ परेड तक करीब 33.5 किलोमीटर लंबी है, जिसमें कुल 27 स्टेशन हैं।

इस लाइन का आखिरी हिस्सा, यानी फेज 2B, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई एयरपोर्ट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, “मेट्रो जैसी आधुनिक व्यवस्था किसी भी शहर के विकास की नींव होती है। मुंबई मेट्रो-3, शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाई देगी और लाखों लोगों के जीवन को आसान बनाएगी।”

सबसे खास बात ये है कि अब आरे से कफ परेड तक का सफर सिर्फ 1 घंटे में पूरा होगा, जबकि पहले यही यात्रा लोकल या सड़क मार्ग से करने में पूरे दो घंटे लगते थे। मेट्रो-3 नरीमन पॉइंट, फोर्ट, लोअर परेल, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स जैसे छह बड़े बिजनेस हब को जोड़ती है।

ट्रैफिक और प्रदूषण के मोर्चे पर भी यह मेट्रो गेमचेंजर साबित होगी। हर दिन करीब 6.65 लाख वाहन यात्राएं सड़कों से कम होंगी और 3.54 लाख लीटर ईंधन की बचत होगी। इससे मुंबई के ट्रैफिक में लगभग 35% की कमी आने की उम्मीद है। इतना ही नहीं, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए 23,000 से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं और मैंग्रोव बहाली पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

37,276 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह लाइन देश की सबसे जटिल शहरी परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। निर्माण के दौरान 17 टनल बोरिंग मशीनें एक साथ चलीं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। ट्रेनें 95 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी और पूरी तरह एयर कंडीशंड हैं।

मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अनुसार, पहली ट्रेन सुबह 5:55 बजे और आखिरी ट्रेन रात 11:25 बजे चलेगी। अब मुंबई के लिए यह सिर्फ मेट्रो नहीं, बल्कि नई रफ्तार और नई दिशा का प्रतीक बन चुकी है। वो भी पूरी तरह से अंडरग्राउंड होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com