

Seva Sankalp Yatra Flagged Off By Amit Shah Eknath Shinde: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76 वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात के वडनगर से राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि से शुरू हुए इस अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल,महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे,गुजरात के
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, हेमांग जोशी सहित सांसद, विधायक और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वडनगर से वाराणसी तक जाने वाली संकल्प यात्रा को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हरी झंडी दिखाई।
वडनगर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन की 25 वर्ष की यात्रा को सेवा और समर्पण की यात्रा के रूप में देखा जा रहा है। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि वडनगर की पवित्र भूमि पर आना मेरे लिए गौरव का क्षण है।
मैं इस पावन भूमि को नमन करता हूं। 'वडनगर की मिट्टी से निकले एक बालक की आवाज़ आज देश ही नहीं पूरे विश्व में गूंज रही है।' एकनाथ शिंदे ने कहा कि वडनगर से वाराणसी की यात्रा केवल यात्रा नहीं बल्कि सेवा से समर्पण,संकल्प से परिवर्तन और परिवर्तन से विकसित भारत की तरफ जाने वाला मार्ग है। एकनाथ शिंदे ने कहा कि पीएम मोदी के लिए उम्र कोई मायने नहीं रखता। उनके कर्तुत्व की ऊंचाई हिमालय से और गहराई अरबी समुद्र से मापी जा सकती है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि देश के विकास में पीएम मोदी द्वारा किए गए कार्यों से सामान्य व्यक्ति के जीवन में बदलाव आया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास योजनाओं और नीतिगत पहलों का भी उल्लेख किया गया। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहलों के माध्यम से देश में आर्थिक गतिविधियों और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है। जम्मू-कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 को हटाने और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उठाए गए कदमों का भी उल्लेख डिप्टी सीएम ने किया।
इस अवसर पर वडनगर के ऐतिहासिक शर्मिष्ठा तालाब के घाट पर साधु-संतों की उपस्थिति में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद यात्रा को रवाना किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें प्रमुख नेताओं ने सहभागिता की। अभियान के तहत वडनगर में स्वच्छता कार्यक्रम के साथ बाइक यात्रा के माध्यम से जनसेवा का संदेश वाराणसी तक पहुंचाने की योजना है।
वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा उनके जीवन के दो महत्वपूर्ण पड़ावों को जोड़ती है—जन्मभूमि वडनगर और कर्मभूमि के रूप में वाराणसी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्यों और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चलाया जाना है।