NEET Paper Leak विवाद पर महाराष्ट्र में बढ़ा आंदोलन, मुंबई में छात्रों का प्रदर्शन; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

NEET Paper Leak: NEET धांधली के खिलाफ मुंबई में छात्रों का प्रदर्शन तेज। शिवाजी पार्क में राज व आदित्य ठाकरे पहुंचे, प्रकाश आंबेडकर ने 'महाराष्ट्र बंद' का किया ऐलान।
Student protests over the NEET issue heat up in Mumbai as leaders join at Shivaji Park; Prakash Ambedkar calls for a statewide 'Maharashtra Bandh'.
मुंबई आंदोलन (फोटो.सोशल मीडिया)
Updated on

NEET Paper Leak Protest Mumbai: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे सीजेपी के आंदोलन को लेकर पूरे देश में छात्रों का गुस्सा चरम पर है। इसी कड़ी में मुंबई व आसपास के जिलों में आंदोलन भड़कता दिखाई दे रहा है। बुधवार को मुंबई व आसपास के इलाकों में बारिश के बावजूद विभिन्न संगठनों व राजनीतिक दलों ने प्रदर्शन किया। युवाओं में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए राज्य सरकार सकते में आ गई है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितता को लेकर छात्र भड़के हुए हैं। लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग बढ़ती जा रही है। इस लड़ाई में विपक्षी दल भी कूद गए हैं। बुधवार को मुंबई के शिवाजी पार्क मैदान में लगातार तीसरे दिन भी कॉकरोचों का आंदोलन हुआ।

इस आंदोलन में शामिल होने ठाकरे सेना (शिवसेना यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे और मनसे नेता अमित ठाकरे भी पहुंचे। बाद में मनसे प्रमुख राज ठाकरे कुछ देर के लिए प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंचे। राज ठाकरे ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली में हो रहे आंदोलन के समर्थन में किया जा रहा है।

झलके व्यंग्यात्मक पोस्टर

मुंबई में कई जगहों पर तीखे व्यंग्यात्मक पोस्टर झलके। उनमें लिखा था-'अनपढ़ सरकार क्या जाने शिक्षा का स्वाद', 'जल्दी इस्तीफा लो, कल सवेरे पनवेल भी जाना है', और 'बहाने बनाने का आपका समय समाप्त हो गया है, कृपया इस्तीफा दें'।

चेंबूर में भी आंदोलन

नीट परीक्षा लीक विवाद के बाद शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शहर के कई स्थानों पर सैकड़ों लोग जमा हुए। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच मुंबई के चेंबूर स्थित डॉ। बाबासाहेब आंबेडकर गार्डन के पास छात्रों, अभिभावकों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने आंदोलन किया।

आज महाराष्ट्र बंद

वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने गुरुवार को 'महाराष्ट्र बंद' का ऐलान किया है। इस आंदोलन में विपक्षी दलों से भी शामिल होने की अपील की गई है। प्रकाश आंबेडकर के अनुसार, जिन -राजनीतिक दलों ने अभी तक अपनी भूमिका स्पष्ट नहीं की है, उन्हें भी इस बंद में शामिल होना चाहिए।

उद्धव ठाकरे निकालेंगे तिरंगा यात्रा

दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के चल रहे आंदोलन को समर्थन देने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पहुंचे थे। उन्होंने शुक्रवार को दिल्ली के आंदोलन के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकालने का फैसला किया है। उद्धव के नेतृत्व में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में यह भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस बीच उद्धव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से फोन पर बात की है। राज्य में बड़ा आंदोलन छेड़ने की तैयारी की जा रही है।

नीट पर छात्रों का 1.32 लाख करोड़ का सालाना खर्च

विपक्ष ने आरोप लगाया है कि नीट परीक्षा की तैयारी और व्यवस्था पर होने वाला कुल खर्च बहुत अधिक - है। 1.3 लाख करोड़ रुपये तो शिक्षा का बजट है, फिर भी पेपर लीक हो रहे हैं और छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है।

खुफिया विभाग की नजर

मुंबई सहित राज्य में युवाओं के संभावित आंदोलनों को देखते हुए राज्य का खुफिया विभाग और सभी जांच एजेंसियां सतर्क मोड पर आ गई हैं। मुंबई शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। मुंबई के सभी पुलिस स्टेशनों को अलर्ट पर रखा गया है।

विशेष रूप से स्थानीय पुलिस स्टेशनों के एंटी-टेररिस्ट सेल को अपने-अपने क्षेत्रों के आपराधिक और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अग्रिम निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है।

Navbharat Live
navbharatlive.com