

Sharad Pawar Faction Protest In Mumbai: राष्ट्रवादी कांग्रसे पार्टी (शरचंद्र पवार) की युवा कांग्रेस शाखा ने बुधवार को मुंबई में मंत्रालय के सामने एक जोरदार और आक्रामक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा और राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों को काबू में लाने और स्थिति को संभालने के लिए मुंबई पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।
शरद पवार गुट ने कहा कि हमारा महाराष्ट्र एक ऐसा राज्य जिसने कभी न केवल अपने लिए, बल्कि पूरे देश के लिए महिलाओं की मुक्ति और आजादी का आदर्श स्थापित किया था। आज अपनी बेटियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह नहीं रहा है।
शरद पवार गुट के प्रदर्शनकारियों ने महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अपहरण, दहेज हत्या, धोखाधड़ी और महिलाओं के खिलाफ हिंसा जैसे अपराधों ने राज्य की कानून-व्यवस्था मशीनरी को पूरी तरह से खोखला कर दिया है। फिर भी, सत्ता के नशे में चूर संवेदनहीन सरकार के पास इन गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने के लिए बिल्कुल भी समय नहीं है।
शरद पवार गुट ने कहा कि महिलाओं को घर-बार की बेड़ियों से आजाद करने, लड़कियों के लिए पढ़ाई के दरवाजे खोलने, जेंडर इक्वालिटी की वकालत करने और बेटियों पर गंदी नजर डालने की हिम्मत करने वाले दरिंदों को बेरहमी से सजा देने वाला महाराष्ट्र आज महिलाओं के अत्याचारों में अव्वल हो गया है। इससे ज्यादा शर्म की बात और क्या हो सकती है। यह सिर्फ सरकार की नाकामी नहीं है, यह महाराष्ट्र के माथे पर एक दाग है।
लाडकी बहिन योजना के बहाने सरकार पर निशाने साधते हुए शरद पवार गुट के नेताओं ने कहा कि चुनाव के मौसम में जो भाई केवल वोट बटोरने के लिए अपनी "लाडकी बहनों" को बड़े प्यार से याद करते थे, वे आज उन्हीं बहनों की पीड़ा और दुख को सुनने के लिए भी तैयार नहीं हैं। गृह विभाग जिस पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे अपनी एकमात्र संतुष्टि सत्ताधारी ताकतों की चापलूसी करने में और जनता की ओर से न्याय के लिए लड़ रही विपक्षी पार्टियों की आवाज दबाने में ही को सफलता मानती है। महायुति सरकार महाराष्ट्र भर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के अपने कर्तव्य में पूरी तरह से विफल साबित हुई है।
इसी पृष्ठभूमि में, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की युवा कांग्रेस शाखा ने मुंबई में मंत्रालय के सामने एक विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान, सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की गई और ये नारे लगाए गए: 'सरकार हमसे डरती है, इसलिए पुलिस के पीछे छिपती है', 'इस सरकार का क्या करना है? ... इसे उखाड़ फेंकना है', और 'महिलाओं की सुरक्षा हमारा मौलिक अधिकार है, कोई एहसान नहीं।'
इस विरोध प्रदर्शन में NCP युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सक्षणा सलगर, प्रदेश अध्यक्ष (ग्रामीण) अमृता कालदाते और प्रदेश अध्यक्ष (शहरी) मनाली भिलारे, श्वेता खरात, प्रियंका शेंडकर, रानी नवले, वंदना राजपूत, भक्ति कुम्हार, ऐश्वर्या पवार, दुर्गा चोरघे, ऋतुजा पावले, मुबशिरा शेख और शबाना मोमिन व अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए।