नवी मुंबई वालों के लिए बड़ी खबर: ऐरोली से बेलापुर तक बदलेंगी 10 रेलवे स्टेशनों की सूरत, रेल मंत्री के निर्देश

Navi Mumbai Railway Station Redevelopment: नवी मुंबई में ऐरोली से बेलापुर तक के 10 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प होगा। सांसद नरेश म्हस्के की पहल पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विकास के निर्देश दिए हैं।
Airoli To Belapur Railway Station Redevelopment
ऐरोली और बेलापुर रेलवे स्टेशनसोर्स: सोशल मीडिया
Updated on

Airoli To Belapur Railway Station Redevelopment: नवी मुंबई के ऐरोली से बेलापुर के बीच स्थित सभी रेलवे स्टेशनों का अब कायाकल्प होगा। सिडको के अधीन आने वाले इन स्टेशनों को मई 2026 में एक समझौते के तहत मध्य रेलवे को हस्तांतरित कर दिया गया है। इसके बाद सांसद नरेश म्हस्के की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्य रेलवे अधिकारियों को तत्काल विकास कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

सिडको से मध्य रेलवे को मिला जिम्मा

पिछले कई वर्षों से मध्य रेलवे और सिडको के बीच समन्वय के अभाव के कारण नवी मुंबई के रेल यात्रियों को भारी परेशानी हो रही थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद नरेश म्हस्के ने दोनों प्राधिकरणों के बीच समन्वय स्थापित कराया। इसके परिणामस्वरूप मई 2026 में हुए समझौते के तहत ऐरोली, रबाले, घणसोली, कोपरखैराणे, तुर्भे, सानपाड़ा, जुईनगर, नेरुल, सीवुड्स-दरावे और बेलापुर सहित सभी स्टेशन अब मध्य रेलवे के अधीन आ गए हैं।

मंगलवार को नई दिल्ली में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के सांसद नरेश म्हस्के ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने की मांग की।

इन रेलवे स्टेशनों की बदहाल स्थिति

शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने रेल मंत्री को बताया कि कई स्टेशनों की हालत बेहद खराब है। ऐरोली और रबाले स्टेशनों पर टिकट खिड़कियां बंद हैं और शौचालय जर्जर अवस्था में हैं। सीढ़ियों और फर्श की टाइलें टूटी हुई हैं। घणसोली और कोपरखैरने में भारी भीड़ के बावजूद टिकट काउंटरों पर गंदगी और धूल जमी हुई है।

तुर्भे और सानपाड़ा के शौचालयों में दुर्गंध, पीने के पानी की कमी और रोशनी की अपर्याप्त व्यवस्था है। जुईनगर और नेरुल में फुटओवर ब्रिज की हालत दयनीय है। कुछ टिकट खिड़कियां बंद होने से यात्रियों को लंबी कतारों में लगना पड़ता है। सीवुड्स-दरावे और बेलापुर स्टेशनों पर भी साफ-सफाई का अभाव है।

Railway Minister Ashwini Vaishnaw and MP Naresh Mhaske
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व सांसद नरेश म्हस्केसोर्स: सोशल मीडिया

यात्रियों के लिए मांगी गईं ये सुविधाएं

सांसद नरेश म्हस्के ने मांग की कि सभी स्टेशनों की सीढ़ियों और फुटओवर ब्रिज की तत्काल मरम्मत हो। बैठने के लिए बेंचों की मरम्मत, शौचालयों का नवीनीकरण और 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी हो। साथ ही सभी टिकट खिड़कियों का नियमित संचालन, यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्टेशन परिसर में LED लाइटें लगाने और रात में GRP/RPF की गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई।

Airoli To Belapur Railway Station Redevelopment
जरा याद करो कुर्बानी: नंदुरबार के 16 साल के शेर का जिगरा देख कांप उठे थे अंग्रेज, सीने पर खाईं थी 4 गोलियां

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आश्वासन

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद को आश्वस्त किया कि नवी मुंबई के रेल यात्रियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं देने और उनका सफर सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएंगे। मध्य रेलवे को निर्देश दिए गए हैं कि हस्तांतरित स्टेशनों के विकास कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं।

Navbharat Live
navbharatlive.com