

शिंदे गुट के नगरसेवक से जुड़े आवास पर ईडी की तलाशी।
शिवराम पाटिल ने कार्रवाई से संबंध होने से इनकार किया।
ईडी ने किराएदार का मोबाइल जब्त किया।
Shivram Patil Statement: नवी मुंबई के कोपरखैरने में शिवसेना (शिंदे) नगरसेवक से जुड़े आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी की खबर से नवी मुंबई के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कार्रवाई के दौरान कुछ दस्तावेज और ज्वेलरी मिलने की चर्चा है।
हालांकि, नगरसेवक ने इस कार्रवाई से कोई संबंध होने से साफ इनकार करते हुए कहा कि इस बिल्डिंग में रहे किराएदार के घर छापेमारी हुई है और उन्हीं को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से नवी मुंबई में भाजपा और शिंदे सेना के बीच तनातनी का माहौल है, इसके अलावा ठाणे में प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड को लेकर शिवसेना पर दबाव बनाने का षड्यंत्र किया जा रहा है।
इसी को लेकर नवी मुंबई के शिवसेना नेताओं ने आरोप लगाया था कि यह सब नवी मुंबई के भाजपा नेता के इशारे पर किया जा रहा है। इसके अलावा नवी मुंबई में पुनर्विकास के मुद्दे को लेकर भी भाजपा तथा शिंदे की शिवसेना के बीच आए दिन टकराव का माहौल बना रहता है। चर्चा है कि इन्ही कारणों को देखते हुए शिंदे सेना के नगरसेवकों पर दबाव बनाने के लिए ईडी कार्रवाई की गई है।
नगरसेवक शिवराम पाटिल ने बताया कि ईडी की कार्रवाई उनके यहां किराए पर रहने वाले जय मेहता के घर पर हुई है। छापेमारी के दौरान एक मोबाइल जब्त किए जाने का उल्लेख उपलब्ध पंचनामे में है। दस्तावेजों के अनुसार, 28 अक्टूबर को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 17 के तहत यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि न तो उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है और न ही उन्हें कोई नोटिस मिला है।
नोटिस उनके किराएदार को दिया गया है और उन्हीं को मुंबई स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। लेकिन ईडी की छापेमारी से नवी मुंबई की राजनीति में हड़कंप मच गया है, चर्चा है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और वनमंत्री गणेश नाईक के बीच जारी राजनीतिक द्वेष और आरोप प्रत्यारोप के बीच इस कार्रवाई को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। कुछ राजनीतिक लोग इसे शिंदे गुट पर दबाव बनाने की कार्रवाई से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
पंचनामे के मुताबिक, ईडी के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक निदेशक श्रवण कुमार रेड्डी वी। की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम सुबह लगभग सवा सात बजे मौके पर पहुंची। आवश्यक पहचान पत्र और प्राधिकार पत्र (अथॉरिटाइजेशन लेटर) दिखाने के बाद तलाशी की प्रक्रिया शुरू की गई। पंचनामे में दर्ज है कि तलाशी का काम शाम साढ़े पांच बजे पूरा हुआ। इमारत का मालिक बताने वाले शिवराम परशुराम पाटिल ने अधिकारियों को बताया कि मेहता उनके बेटे के दोस्त हैं और अस्थायी तौर पर मेहमान के रूप में रह रहे हैं।
पंचनामे में स्पष्ट किया गया है कि मेहता द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे पहली मंजिल के केवल एक ही बेडरूम की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मेहता द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा 'सैमसंग फोल्ड-7' मोबाइल जब्त किया गया, प्राथमिक दर्ज जानकारी के अनुसार, उसमें मौजूद ईमेल और अन्य डिजिटल डेटा जांच से संबंधित पाए गए हैं। मोबाइल को सील करके संबंधित व्यक्तियों के हस्ताक्षर लिए गए। इसके अलावा, मेहता का बयान भी दर्ज किए जाने का उल्लेख है।