

Mumbai Nariman Point Inner Ring Road Project: मुंबई में यातायात का दबाव कम करने और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने के लिए नरीमन पॉइंट के चारों ओर करीब 27 किलोमीटर लंबा इनर रिंग रोड तैयार करने की योजना आकार ले रही है। यह लूप कोस्टल रोड, शिवड़ी-वर्ली एलिवेटेड कनेक्टर, ईस्टर्न फ्रीवे और ऑरेंज गेट-मरीन ड्राइव लिंक को जोड़ते हुए फिर नरीमन पॉइंट लौटेगा।
फिलहाल कोस्टल रोड और ईस्टर्न फ्रीवे चालू हैं, जबकि बाकी दोनों महत्वपूर्ण कड़ियों का काम जारी है। इस 27 किलोमीटर के लूप को मुंबई महानगर क्षेत्र में प्रस्तावित कई रिंग रोडों की श्रृंखला की पहली कड़ी माना जा रहा है।
आगे 34, 67, 98.4, 119.62, 185.55, 197, 110 और 273.5 किलोमीटर लंबाई वाले बड़े रिंग की योजना है। इनका नेटवर्क बांद्रा-वर्ली सी लिंक, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड, जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड, ईस्टर्न फ्रीवे एक्सटेंशन, नॉर्दर्न कोस्टल रोड, दहिसर-भायंदर कनेक्टिविटी, उत्तन- विरार सी लिंक और अटल सेतु जैसी प्रमुख परियोजनाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखता है।
रिंग रोड नेटवर्क का उद्देश्य पूर्व-पश्चिम उपनगरों, उत्तर-दक्षिण मुंबई, ठाणे, मीरा-भायंदर और बंदरगाह क्षेत्र के बीच यात्रा के लिए कई विकल्प तैयार करना है। इससे अत्यधिक भीड़ वाले पारंपरिक उत्तर-दक्षिण मार्गों पर निर्भरता कम हो सकेगी।
एमएमआरडीए आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने 2024 में मुंबई के सड़क नेटवर्क को नए तरीके से विकसित करने के लिए रिंग रोड का खाका सामने रखा था। इस योजना में अलग-अलग समुद्री मार्ग, सुरंग और एलिवेटेड कॉरिडोर को अलग परियोजनाओं के बजाय एक जुड़े हुए नेटवर्क के रूप में देखा गया है।
अधूरी कड़ियां पूरी होने के बाद वाहन चालक कई मागर्गों को जोड़कर भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचते हुए यात्रा कर सकेंगे। इस लिहाज से 27 किलोमीटर का नरीमन पॉइंट लूप बड़े रिंग रोड नेटवर्क की पहली आधारशिला साबित हो सकता है।