नरीमन प्वाइंट से कफ परेड तक नई कोस्टल रोड पर काम शुरू; 20 मिनट का सफर 5 मिनट में होगा पूरा, ट्रैफिक से राहत

Mumbai Coastal Road: MMRDA ने नरीमन प्वाइंट से कफ परेड तक 1.869 किमी लंबी कोस्टल रोड पर काम फिर शुरू किया है। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच सफर का समय 20 मिनट से घटकर 5 मिनट रह जाएगा।
MMRDA restarted work on the 1.869 km Nariman Point-Cuffe Parade coastal road. Once completed, travel time will drop from 20-25 minutes to just 5 minutes.
कोस्टल रोड प्रतीकात्मक तस्वीर (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Coastal Road MMRDA: मुंबई में मंत्रालय परिसर और कैप्टन प्रकाश पेठे मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने नरीमन प्वाइंट से कफ परेड तक प्रस्तावित कोस्टल रोड परियोजना पर दोबारा काम शुरू कर दिया है। इस परियोजना के तहत 1.869 किलोमीटर लंबा नया तटीय मार्ग बनाया जाएगा, जिससे दक्षिण मुंबई की कनेक्टिविटी और अधिक बेहतर होगी।

20-25 मिनट का सफर घटकर होगा 5 मिनट

परियोजना पूरी होने के बाद नरीमन प्वाइंट से कफ परेड, कुलाबा और नेवी नगर की यात्रा काफी आसान हो जाएगी। वर्तमान में इस मार्ग पर कैप्टन प्रकाश पेठे मार्ग, मैडम कामा रोड, वीर नरीमन रोड और महर्षि कर्वे रोड से होकर गुजरना पड़ता है, जहां पीक आवर्स में भारी ट्रैफिक रहता है। नई सड़क बनने के बाद यात्रा का समय 20-25 मिनट से घटकर लगभग 5 मिनट रह जाएगा।

कोस्टल रोड से मिलेगा सीधा संपर्क

एमएमआरडीए के अनुसार, भविष्य में मरीन ड्राइव से जुड़ी बीएमसी की कोस्टल रोड पूरी तरह चालू होने के बाद इस क्षेत्र में यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए नई सड़क का निर्माण किया जा रहा है। यह मार्ग कैप्टन प्रकाश पेठे रोड (रोड हाउस मार्ग) से शुरू होकर नरीमन प्वाइंट के सुभाषचंद्र बोस मार्ग से जुड़ेगा। इससे कोस्टल रोड और दक्षिण मुंबई के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी।

योजना में किया गया बदलाव

शुरुआत में इस परियोजना के लिए समुद्र के ऊपर सी-लिंक बनाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन मछुआरा समुदाय के विरोध के बाद डिजाइन में बदलाव किया गया। अब सड़क को तटीय मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित सड़क की कुल लंबाई 1.869 किलोमीटर होगी, जबकि इसकी चौड़ाई 16 से 36 मीटर के बीच रखी जाएगी।

ट्रैफिक प्रबंधन को मिलेगा बड़ा फायदा

नई कोस्टल रोड के निर्माण से मंत्रालय परिसर, नरीमन प्वाइंट, कफ परेड और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम कम होने की उम्मीद है। साथ ही दक्षिण मुंबई के व्यावसायिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी और रोजाना हजारों वाहन चालकों का समय बचेगा। यह परियोजना मुंबई  शहर की परिवहन व्यवस्था को अधिक सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com