Western Railway: मुंबई लोकल यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, दादर और नायगांव में तकनीकी काम के कारण ट्रेनें रद्द

Mumbai Western Railway Block: पश्चिम रेलवे पर 15-16 और 16-17 मई की रात दादर और नायगांव में तकनीकी कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक रहेगा। कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी और एक्सप्रेस ट्रेनें बोरीवली तक चलेंगी।
Western Railway scheduled night blocks on May 15-16 & 16-17 for work at Dadar and Naigaon, affecting local services and short-terminating several express trains.
पश्चिम रेलवे मेगा ब्लॉक (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Western Railway Mumbai Mega Block Update: वीकेंड पर पश्चिम रेलवे के यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दादर स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के कमीशनिंग कार्य और नायगांव स्टेशन पर नए फुट ओवर ब्रिज के गर्डर लांचिंग कार्य के चलते पश्चिम रेलवे द्वारा 15-16 और 16-17 मई की मध्यरात्रि में मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान रातभर तकनीकी कार्य चलते रहेंगे, जिससे स्लो और फास्ट दोनों लाइनों का संचालन प्रभावित होगा। कई लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी, जबकि मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट, समय और टर्मिनेशन में भी बदलाव किया गया है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार दादर स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के कार्य हेतु 15 मई की रात 11 बजे से 16 मई की सुबह 6 बजे तक 5वीं लाइन और अप-डाउन फास्ट लाइनों पर ब्लॉक रहेगा। वहीं, नायगांव स्टेशन पर रोड क्रेन की सहायता से फुट ओवर ब्रिज के दो स्पैन गर्डर लांच करने के लिए 16-17 मई की मध्यरात्रि में अप-डाउन स्लो लाइन पर रात 1 बजे से 4 बजे तक और अप-डाउन फास्ट लाइन पर रात 2.30 बजे से 3.30 बजे तक ब्लॉक लिया जाएगा।

ब्लॉक अवधि के दौरान मुंबई सेंट्रल और सांताक्रुज स्टेशनों के बीच सभी फास्ट लाइन ट्रेनें स्लो लाइन पर संचालित की जाएंगी। इसके अलावा भायंदर और वसई रोड के बीच डाउन स्लो लाइन की ट्रेनें डाउन फास्ट लाइन पर चलाई जाएंगी। रेलवे प्रशासन ने बताया कि कुछ उपनगरीय सेवाएं रद्द भी रहेंगी और इसकी विस्तृत जानकारी संबंधित स्टेशन मास्टरों के पास उपलब्ध रहेगी।

लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ेगा असर

  • ब्लॉक का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ेगा। पोरबंदर-दादर सौराष्ट्र एक्सप्रेस और ओखा-दादर सौराष्ट्र मेल को बोरीवली तक ही चलाया जाएगा, जबकि दादर एकता नगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस और दादर-भुसावल खंडेश एक्सप्रेस बोरीवली से रवाना होंगी।
  • इसके अलावा कई ट्रेनों को 30 मिनट से लेकर 2 घंटे 15 मिनट तक रेगुलेट किया गया है।

17 मई को नहीं रहेगा कोई ब्लॉक

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने और अतिरिक्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने की अपील की है। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि रविवार, 17 मई को दिन के समय कोई ब्लॉक नहीं लिया जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com