मुंबई: SCLR पर दर्दनाक हादसा, BEST बस ने पुजारी को कुचला; मौके पर ही मौत

Mumbai SCLR Accident: मुंबई के सांताक्रूज-चेम्बूर लिंक रोड (SCLR) पर एक अनियंत्रित BEST बस ने 55 वर्षीय पुजारी की स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में पुजारी की मौके पर ही मौत हो गई।
Mumbai SCLR BEST Bus Accident
मुंबई के सांताक्रूज-चेम्बूर लिंक रोड पर हुए हादसे का दृश्य (साेर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai SCLR BEST Bus Accident: आर्थिक राजधानी मुंबई की सड़कों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला सांताक्रूज-चेम्बूर लिंक रोड (SCLR) से सामने आया है, जहां गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय एक पुजारी की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार BEST बस ने पुजारी की स्कूटर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

कैसे हुआ हादसा?

मृतक की पहचान कुर्ला वेस्ट के नेहरू नगर निवासी त्रिविक्रम श्रीपाद आचार्य (55) के रूप में हुई है। मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। त्रिविक्रम अपनी स्कूटर से जा रहे थे, तभी बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) की एक इलेक्ट्रिक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आचार्य सड़क पर गिर गए और बस के पिछले पहिए उनके ऊपर से गुजर गए। गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही कुर्ला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बस चालक कमलेश कुमार बरनलाल (42) को हिरासत में ले लिया है। चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और मौत का कारण बनने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में शराब पीकर गाड़ी चलाने के सबूत नहीं मिले हैं, हालांकि मानक प्रक्रिया के तहत चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

उसी दिन एक और हादसा टला

हैरानी की बात यह है कि इसी दिन मुंबई में बेस्ट बस से जुड़ा एक और हादसा होते-होते बचा। प्रभादेवी इलाके में बॉम्बे डाइंग बस स्टॉप के पास एक कार को बचाने के चक्कर में बेस्ट बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस डिवाइडर पर चढ़ गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई, लेकिन अचानक लगे झटके से बस में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई थी। मुंबई में लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा और चालकों के प्रशिक्षण पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com