मुंबई: कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से BMC इलाके के कक्षा 1 से 9 तक के स्कूल 31 जनवरी तक रहेंगे बंद

School closed
File Photo
Updated on

मुंबई: समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार कोरोना (Corona) के बढ़ते मामले और ओमीक्रॉन के खतरे के बीच मुंबई (Mumbai) में कक्षा 1 से 9 तक के स्कूल 31 जनवरी तक बंद रहेंगे, हालांकि ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कहा कि कक्षा 10 और 12 के छात्रों को इस फैसले के दायरे से बाहर रखा गया है और इसका अर्थ है कि वे स्कूलों में पढ़ाई करने जा सकते हैं।  

जानकारी के मुताबिक, कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच मुंबई नगर निगम द्वारा मुंबई के स्कूलों को 31 जनवरी तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।  नगर निगम आयुक्त इक़बाल सिंह ने यह घोषणा की है।  उन्होंने यह भी कहा है  कि, दसवीं से बारहवीं कक्षा के स्कूल-कॉलेज टीकाकरण के लिए खुले रहेंगे। वहीं राज्य भर के स्कूलों पर भी आज फैसला होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि, एक तरफ जहां देश में कोरोना के  मामले बढ़ रहे है, वहीं, मुंबई में राज्य में सबसे ज्यादा मामले सामने आए है। 

https://twitter.com/ANI/status/1477953861495132163

वहीं, राज्य के उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री उदय सामंत ने कहा कि राज्य में कॉलेज चलाने या उन्हें ऑनलाइन चलाने पर निर्णय दो से तीन दिनों में रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लिया जाएगा। उदय सामंत ने स्पष्ट किया कि अगले दो दिनों में राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति और जिला कलेक्टर के साथ बैठक की जाएगी। 

मुंबई में पिछले कुछ दिनों से कोरोना का प्रसार चिंता का विषय बना हुआ है। ज्ञात हो कि, पहली से आठवीं स्कूल अभी 15 दिसंबर को शुरू हुए थे। हालांकि, फिर से कोरोना की तीसरी लहर के संभावित खतरे को देखते हुए नगर निगम ने आखिरकार स्कूलों पर फैसला कर लिया है। 

मुंबई में कोरोना के 8,063 नए मामले

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, रविवार को मुंबई में कोरोना के 8,063 नए मामले सामने आए थे। जिसके बाद कुल मामलो की संख्या बढ़कर 7,99,520  हो गई है, जबकि शहर में कुल मृत्यु का आंकड़ा 16,377 था। वहीं शहर में 24 घंटे के भीतर 578 लोग कोरोना मुक्त होकर अपने घर लौटे हैं। फिलहाल यहां 29,819 सक्रिय मरीज है।

Navbharat Live
navbharatlive.com