

Mumbai Weather New Year 2026: साल 2025 के आखिरी दिन बुधवार को मायानगरी मुंबई में नए साल के स्वागत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रातभर मरीन ड्राइव, गिरगांव चौपाटी और दक्षिण मुंबई के कई इलाकों में युवाओं से लेकर परिवारों तक ने समंदर किनारे आतिशबाजी, संगीत और सेल्फी के साथ 2026 का स्वागत किया। वहीं साल 2026 का स्वागत मौसम ने भी अपने अंदाज में किया।
मुंबई के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह अचानक तेज बारिश हुई, जिससे शहरवासियों की नए साल की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ हुई। साल के पहले दिन जहां आमतौर पर सूरज की किरणों से सुबह का स्वागत होता है, वहीं इस बार कई इलाकों में बेमौसम बारिश देखने को मिली।
बारिश सुबह छह बजे से पहले शुरू हुई। कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जबकि कई जगहों पर हल्की फुहारें पड़ीं। सुबह 6 बजकर 15 मिनट के बाद बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो गई। अचानक बदले इस मौसम ने लोगों को चौंका दिया, लेकिन साथ ही ठंडक और ताजगी भी महसूस कराई।
बारिश को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। राहुल बिल्वे नामक एक यूज़र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “किसने सोचा था कि 2026 के पहले ही दिन बारिश होगी।” वहीं, मफी कपाड़िया नाम की यूज़र ने पोस्ट किया, “#MumbaiRains 2026 का स्वागत बेमौसम बारिश के साथ, फिर भी मौसम बेहद सुहावना है।”
कई स्थानीय निवासियों ने कहा कि भले ही यह बारिश बेमौसम थी, लेकिन इससे शहर के मौसम में ठंडक आ गई और दिन की शुरुआत अच्छी रही। उमस से राहत मिलने के कारण लोगों ने इसे नए साल का सुखद संकेत बताया। कुल मिलाकर, नए साल की पहली सुबह मुंबई में बारिश और ठंडक के साथ शुरू हुई, जिसने शहरवासियों को एक अलग और यादगार अनुभव दिया।