

बीएमसी ने प्रिंसेस स्ट्रीट फ्लाईओवर के नीचे उपेक्षित जगह का कायाकल्प किया।
ई-रोड पर लगभग 150 मीटर लंबा नया फुटपाथ बनाया गया है।
राहुल नार्वेकर ने नवविकसित हरित और सुशोभित परिसर का लोकार्पण किया।
Princess Street Flyover Beautification Project Mumbai: मुंबई में फ्लाईओवर के नीचे पड़े उपेक्षित स्थानों की रंग-रूप बदलने के लिए BMC ने एक शानदार पहल की है। बीएमसी के पेडेस्ट्रियन फर्स्ट अभियान के तहत दक्षिण मुंबई स्थित शामलदास गांधी मार्ग यानी प्रिंसेस स्ट्रीट फ्लाईओवर के नीचे के परिसर का कायाकल्प कर दिया गया है।
जिस जगह पर पहले उपेक्षा और यातायात में रुकावट की स्थिति बनी रहती थी, वहां अब एक बेहद खूबसूरत, सुरक्षित, हरा-भरा और आकर्षक सार्वजनिक स्थल बनकर तैयार हो गया है।
इस नवविकसित हरित और सुशोभित परिसर का औपचारिक लोकार्पण महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष तथा स्थानिक विधायक राहुल नार्वेकर के हाथों संपन्न हुआ। इस लोकार्पण समारोह के दौरान सी व डी प्रभाग समिति के अध्यक्ष आकाश पुरोहित, स्थानीय नगरसेविका रिटा मकवाना, परिमंडल-1 की उपायुक्त चंदा जाधव, सी-विभाग के सहायक आयुक्त सुनील माने और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मुंबई शहर के प्रिंसेस स्ट्रीट फ्लाईओवर के नीचे की गई इस सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत कई आधुनिक निर्माण कार्य किए गए हैं। प्रोजेक्ट के अंतर्गत E Road पर लगभग 150 मीटर लंबा नया फुटपाथ बनाया गया है, जिससे पैदल यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
H Road पर करीब 100 मीटर लंबा घुमावदार और सुरक्षित पादचारी मार्ग विकसित किया गया है। ई-रोड से सटी दीवार पर लगभग 400 वर्ग मीटर के विशाल क्षेत्र में आकर्षक 3D भित्तिचित्र उकेरा गया है, जो इस पूरे मार्ग की सुंदरता में चार चांद लगाता है। पूरे 250 मीटर लंबे क्षेत्र में आकर्षक स्ट्रीट लाइट्स स्थापित किए गए हैं।
इस कायाकल्प परियोजना के कारण जो इलाका पहले उपेक्षित था और जहां यातायात में बाधा आती थी, वह अब एक सुरक्षित, सुसज्जित और हरित स्थल में परिवर्तित हो गया है। सुंदर वृक्षारोपण और उद्यान बनने से पैदल चलने वालों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा तो मिली ही है, साथ ही आम नागरिकों को सुकून के पल बिताने के लिए एक मनमोहक मनोरंजक स्थान भी मिल गया है।